मिर्जापुर के स्कूलों में STEM शिक्षा शुरू:100 सरकारी स्कूलों तक पहुंचेगी तकनीकी पढ़ाई, मोबाइल वैन से मिलेगी जानकारी
मिर्जापुर में सरकारी स्कूलों के बच्चों को अब विज्ञान और तकनीक की पढ़ाई के लिए आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। सिटी ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय मुकुचवा में गुरुवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने STEM लैब और STEM मोबाइल वैन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने लैब में उपलब्ध उपकरणों को देखा और बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। यह पहल ममता हेल्थ इंस्टीट्यूट फॉर मदर एंड चाइल्ड के सहयोग से की जा रही है। इसके तहत जिले के 100 सरकारी स्कूलों के बच्चों को विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। इनमें 16 विद्यालयों में आधुनिक STEM लैब बनाई गई हैं। वहीं, अन्य स्कूलों तक मोबाइल वैन के माध्यम से तकनीकी शिक्षा पहुंचाई जाएगी। इसके जरिए बच्चों को रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की भी जानकारी मिलेगी।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों का विकास केवल किताबें पढ़ने और अच्छे अंक लाने से नहीं होता। उनमें कुछ नया जानने की इच्छा और सवाल पूछने की आदत होनी चाहिए। जिस विद्यार्थी में खुद कुछ बनाने और नए प्रयोग करने की रुचि होती है, वह आगे चलकर बेहतर काम कर सकता है।
उन्होंने शिक्षकों से कहा कि बच्चों को केवल पहले से बने मॉडल दिखाने तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें खुद नई चीजें सोचने और बनाने के लिए प्रेरित करें। प्रयोग के दौरान कुछ समय और संसाधन खर्च हो सकते हैं, लेकिन नई खोज और आविष्कार इसी प्रक्रिया से सामने आते हैं। अभिभावकों को भी बच्चों की जिज्ञासा को प्रोत्साहित करना चाहिए। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका नमिता सिंह ने बताया कि STEM लैब और मोबाइल वैन से बच्चों को पढ़ाई के साथ प्रयोग करने का मौका मिलेगा। संस्था की ओर से सूर्य प्रताप मिश्रा ने परियोजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और समस्या का समाधान खोजने की क्षमता विकसित करना है। कार्यक्रम में सिटी और जमालपुर ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी, विनोद प्रधान, संस्था की टीम और विद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)