संभल में 87 देवतीर्थो की 24 कोसीय परिक्रमा कल होगी:5 लाख श्रद्धालु पहुंचेंगे, ड्रोन से होगी पुष्पवर्षा; 450 पुलिसकर्मी तैनात
संभल में 87 देवतीर्थों की 24 कोसीय परिक्रमा 13 नवंबर यानी शुक्रवार तड़के 4 बजे से शुरू होने जा रही है। प्रशासन को इस बार करीब 5 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। परिक्रमा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं पर ड्रोन कैमरों से फूल बरसाए जाएंगे। आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक DM अंकित खंडेलवाल और SP विकास चंद्र त्रिपाठी ने श्रीवंशगोपाल तीर्थ पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और 30 किलोमीटर लंबे पूरे परिक्रमा मार्ग का दौरा किया। तीर्थों की सजावट, रात में रोशनी और मेडिकल टीमों की तैनाती DM अंकित खंडेलवाल ने बताया कि पिछले सालों में इस परिक्रमा में 3 से 4 लाख लोग आते रहे हैं, लेकिन इस बार संख्या 5 लाख से ज्यादा रहने का अनुमान है। श्रद्धालुओं को बेहतर आध्यात्मिक अनुभव देने के लिए क्षेमनाथ धाम, चंद्रेश्वर तीर्थ, भुवनेश्वर तीर्थ और पंचगोपाल तीर्थ पर भव्य सजावट और आकर्षक लाइटिंग की जा रही है। परिक्रमा 24 घंटे से ज्यादा चल सकती है, इसलिए पूरे रूट पर रात में रोशनी के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा मेडिकल टीम, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी तैनात रहेंगी। CCTV और पुलिस फोर्स का कड़ा पहरा SP विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि सुरक्षा के लिए 5 जोनल मजिस्ट्रेट के साथ 400 से 450 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसमें ASP, CO, थाना प्रभारी, दरोगा, सिपाही के अलावा PAC और RPF के जवान भी शामिल हैं। मुख्य सड़कों और चौराहों पर खास निगरानी रहेगी। पिछले कई दिनों से ड्रोन कैमरों से आसपास के गांवों और घरों की छतों की जांच की जा रही है। पुराने CCTV कैमरे चालू कराने के साथ नए कैमरे भी लगाए गए हैं और PRV गाड़ियां लगातार गश्त करेंगी। महंत की अपील- माता-पिता के पैर छूकर निकलें नाथ संप्रदाय के महंत बालयोगी दीनानाथ ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे परिक्रमा शुरू करने से पहले अपने माता-पिता के पैर जरूर छूएं, और जिनके माता-पिता नहीं हैं वे बड़े भाई-बंधुओं का आशीर्वाद लेकर निकलें। उन्होंने संभल की 24 कोसीय परिक्रमा को मोक्षदायिनी बताते हुए लोगों से घर से अन्न, दीपक और धूपबत्ती लाने तथा रास्ते में पड़ने वाले तीर्थों व प्रमुख मंदिरों में दान करने का आह्वान किया। निरीक्षण के दौरान ADM सत्यप्रिय सिंह, SDM विकास चंद्र, पालिका EO आदित्य प्रकाश और BDO प्रेमपाल भी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)