गर्लफ्रेंड के ब्लॉक करने से आहत छात्र ने दी जान:सुल्तानपुर में मौत के मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज, पास पड़ा था जहर का पैकेट
सुल्तानपुर के चांदा क्षेत्र में 12वीं के छात्र अमन गौतम की मौत के मामले में पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। सोमवार को उसका शव गांव के बाहर खेत में बनी झोपड़ी में मिला था। पुलिस को मौके से जहर का खाली पैकेट भी मिला है। जांच में सामने आया है कि छात्र का मोबाइल नंबर उसकी गर्लफ्रेंड ने ब्लॉक कर दिया था। पुलिस को आशंका है कि इसी बात से आहत होकर उसने जहर खाया। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। रविवार रात घर से लापता हुआ था अमन परिवार के मुताबिक, कोतवाली क्षेत्र के घूरीपुर गांव का रहने वाला अमन (19) पुत्र रामचरन रविवार रात करीब 11 बजे घर से लापता हो गया था। सोमवार को उसका शव गांव से करीब 200 मीटर दूर सार्वजनिक शौचालय के पास नेमदास के खेत में बनी झोपड़ी में मिला। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव पर चोट का कोई निशान नहीं मिला। चांदा SO को शव के सिर के पास जहर का खाली पैकेट मिला। फील्ड यूनिट ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। शव उठाने को तैयार नहीं थे परिजन घटना के बाद परिवार के लोग शव को मौके से उठाने के लिए राजी नहीं थे। इसके बाद तहसीलदार लंभुआ, CO लंभुआ और चार थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। काफी समझाने के बाद CO कादीपुर विनय गौतम ने छात्र के मामा से बात की। इसके बाद दोपहर दो बजे के बाद पंचायतनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। अब पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। मोबाइल नंबर ब्लॉक होने से आहत होने की बात आई सामने पुलिस की जांच में सामने आया है कि अमन का करीब छह किलोमीटर दूर एक गांव की युवती से प्रेम प्रसंग था। बताया जा रहा है कि हाल ही में युवती की शादी हो गई थी। इसके बाद अमन उसे लगातार कॉल और मैसेज कर रहा था। आरोप है कि इससे परेशान होकर युवती ने घटना वाले दिन उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था। पुलिस को आशंका है कि इसी बात से आहत होकर अमन ने जहर खाकर जान दे दी। हालांकि, अभी इस आशंका की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने मौके से मिले अमन के मोबाइल को कब्जे में लेकर कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच शुरू कर दी है। तीन भाई-बहनों में बीच का था अमन अमन तीन भाई-बहनों में बीच का था। उसका बड़ा भाई अभिषेक और पिता मुंबई में प्राइवेट नौकरी करते हैं। बहन कक्षा 11 की छात्रा है। अमन पिछले साल 12वीं में फेल हो गया था। इसके बाद उसने इस साल फिर से 12वीं में दाखिला लिया था। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। CO लंभुआ ऋतिक कपूर ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की जरूरी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की टीमें सभी पहलुओं पर जांच कर रही हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)