घंटाघर की जमीन पर पार्किंग बंद होगी:नगर आयुक्त ने बैरिकेडिंग के निर्देश दिए; विवादित भूमि का बोर्ड लगेगा, गोयल रेस्टोरेंट पर फिलहाल सीलिंग नहीं
फिरोजाबाद में घंटाघर के लिए चिह्नित जमीन पर बनी पार्किंग बंद कराने के लिए बैरिकेडिंग की जाएगी। नगर आयुक्त प्रशांत नगर ने शुक्रवार दोपहर 12 बजे मौके का जायजा लेकर जमीन को विवादित बताने वाला बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने कहा कि मामला अदालत में विचाराधीन है, इसलिए जमीन पर नया निर्माण या कोई दूसरा काम नहीं होने दिया जाएगा। सदर बाजार के बीच स्थित घंटाघर करीब 55 साल पुराना है। पार्षदों और शहरवासियों की मांग पर नगर निगम ने इसके पुनर्निर्माण के लिए 1.27 करोड़ रुपए का बजट मंजूर किया था। तत्कालीन नगर आयुक्त ऋषि राज ने इसके लिए एफिल टावर की तर्ज पर डिजाइन भी तैयार कराया था। इसी दौरान गोयल रेस्टोरेंट के संचालक ने पुराना रेस्टोरेंट तोड़कर तीन मंजिला इमारत बनवाई। आरोप है कि इसके लिए फिरोजाबाद विकास प्राधिकरण से नक्शा मंजूर नहीं कराया गया। प्राधिकरण ने नोटिस जारी किया था, लेकिन निर्माण जारी रहा। विवाद तब बढ़ा, जब घंटाघर के लिए चिह्नित जमीन पर इंटरलॉकिंग कराकर वाहनों की पार्किंग बनाई गई। वहां बेंच भी रखी गई थीं। इस पर व्यापारियों ने रेस्टोरेंट के सामने प्रदर्शन किया और नारे लगाए। शिकायत के बाद नगर निगम के प्रवर्तन दल ने मौके से बेंच और वाहन हटवा दिए। वार्ड 23 के पार्षद आशीष दिवाकर ने नगर आयुक्त से शिकायत की थी कि मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन होने के बावजूद घंटाघर की जमीन पर पार्किंग बनाई गई है। तीन मंजिला रेस्टोरेंट को सील करने के बारे में नगर आयुक्त प्रशांत नगर ने बताया कि संचालक ने कंपाउंडिंग के लिए आवेदन किया है। यह आवेदन फिलहाल तहसील स्तर पर विचाराधीन है। वहां से रिपोर्ट और आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई होगी। फिलहाल रेस्टोरेंट सील नहीं किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)