वाराणसी में सपा का PDA व्यापारी सम्मेलन:2000 से अधिक व्यापारियों ने भरी हुंकार; अखिलेश यादव के घोषणा पत्र में शामिल होंगी 27 मांगें
समाजवादी पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए व्यापारियों और वैश्य समाज को पार्टी से जोड़ने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में रविवार को पिपलानी कटरा-कबीर रोड स्थित सरोजा पैलेस में समाजवादी व्यापार सभा उत्तर प्रदेश का 18वां और अंतिम PDA व्यापारी मण्डलीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में वाराणसी, चंदौली, जौनपुर और गाजीपुर से आए 2000 से अधिक व्यापारियों एवं वैश्य-बनिया समाज के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर आयोजित इस सम्मेलन का नेतृत्व समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने किया। प्रदेश के 18 मंडलों में PDA व्यापारी सम्मेलन आयोजित करने के अभियान के तहत वाराणसी में अंतिम सम्मेलन संपन्न हुआ। छोटे व्यापारियों को खत्म करने की साजिश का आरोप सम्मेलन में पहुंचे घोसी सांसद राजीव राय ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर छोटे व्यापारियों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण छोटे दुकानदारों और कारोबारियों के सामने रोजगार बचाने का संकट खड़ा हो रहा है। ऑनलाइन ट्रेडिंग, टैक्स और व्यापारियों के कथित उत्पीड़न से छोटे कारोबार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। यदि व्यापारियों की आर्थिक स्थिति कमजोर होगी तो देश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत नहीं हो सकती। उन्होंने व्यापारियों से समाजवादी पार्टी के साथ जुड़ने की अपील की। 27 मांगों को घोषणा पत्र में शामिल करने का ऐलान राजीव राय ने कहा कि व्यापारियों की ओर से 27 सूत्रीय मांगें रखी गई हैं। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इन मांगों को घोषणा पत्र में शामिल कर लागू किया जाएगा। इसमें पटरी दुकानदारों, रेहड़ी संचालकों और छोटे व्यापारियों के हितों की सुरक्षा, ऑनलाइन ट्रेडिंग से पैदा हो रही चुनौतियों का समाधान, टैक्स व्यवस्था में राहत, ब्याज मुक्त ऋण, व्यापारियों का बीमा और स्वास्थ्य सुविधाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को सबसे पहले सुरक्षा की गारंटी मिलनी चाहिए। केवल भाषण देने से व्यापारियों की समस्याएं हल नहीं होंगी। उनके रोजगार और कारोबार को सुरक्षित करने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे। एमएलसी चुनाव के नतीजों को बताया विधानसभा चुनाव का संकेत राजीव राय ने हालिया एमएलसी चुनाव के परिणामों का जिक्र करते हुए कहा कि ये नतीजे समाजवादी पार्टी के लिए सकारात्मक संकेत हैं। उन्होंने चुनाव की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए और दावा किया कि निष्पक्ष चुनाव होने पर पार्टी को और बेहतर परिणाम मिल सकते थे। उन्होंने भाजपा नेताओं की ओर से पढ़े-लिखे मतदाताओं को लेकर दिए गए बयानों पर भी निशाना साधा। राजीव राय ने कहा कि लोकतंत्र में किसी मतदाता को उसकी पसंद के आधार पर अनपढ़ या जाहिल बताना उचित नहीं है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)