हाईकोर्ट में हंगामा-मारपीट करने वाले अज्ञात लोगों पर FIR:कोर्ट नंबर 49 में सरकारी वकीलों, कोर्ट कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों से हुई थी अभद्रता
प्रयागराज में इलाहाबाद हाईकोर्ट के कोर्ट नंबर 49 में 28 अक्टूबर को हुए हंगामे, मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई है। कैंट थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार की ओर से पुलिस कमिश्नर को भेजे गए पत्र के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। इसमें कोर्ट रूम में हंगामा करने, सरकारी वकीलों, कोर्ट कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट करने, धमकी देने और तोड़फोड़ करने जैसी गंभीर घटनाओं का जिक्र किया गया है। यह कार्रवाई इलाहाबाद हाईकोर्ट की खंडपीठ के 29 अक्टूबर 2026 के आदेश के अनुपालन में हुई है। हाईकोर्ट ने कोर्ट परिसर में हुई हिंसा और तोड़फोड़ को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद रजिस्ट्रार जनरल के 13 नवंबर के प्रशासनिक आदेश के क्रम में रजिस्ट्रार इंद्रकांत शुक्ला ने 19 नवंबर को पुलिस कमिश्नर को पत्र भेजा था। इसमें तत्काल मुकदमा दर्ज कर एफआईआर की कॉपी और कार्रवाई की रिपोर्ट हाईकोर्ट को उपलब्ध कराने को कहा गया था। सुबह 10 बजे से पहले ही कोर्ट रूम से हटा दी गई थीं कुर्सियां रजिस्ट्रार की ओर से भेजे गए पत्र में 28 अक्टूबर की घटना का पूरा ब्योरा दिया गया है। इसके मुताबिक, घटना कोर्ट की कार्यवाही के दौरान कोर्ट नंबर 49 में हुई थी। पत्र में आशंका जताई गई है कि हंगामे की पहले से तैयारी की गई थी। सुबह 10 बजे से पहले ही कोर्ट रूम से कुर्सियां हटा दी गई थीं। इसके बाद कुछ लोग कोर्ट रूम में पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान जजों के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। हंगामे और अव्यवस्था के कारण कोर्ट को कार्यवाही रोककर उठना पड़ा। कोर्ट उठने के तत्काल बाद स्थिति और बिगड़ गई। सरकारी वकीलों, कोर्ट कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों से मारपीट पत्र में आरोप लगाया गया है कि कोर्ट उठने के बाद हंगामा और मारपीट करने वाले लोगों ने राज्य सरकार के अधिवक्ताओं, कोर्ट कर्मचारियों और सुरक्षा में तैनात जवानों के साथ मारपीट की। इस दौरान बेंच सेक्रेटरी और चपरासी को भी निशाना बनाया गया। CRPF और पुलिस के ड्यूटी पर तैनात जवानों के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि कोर्ट रूम के फर्नीचर में तोड़फोड़ की गई। साथ ही हाईकोर्ट के अधिकारियों और सरकारी कर्मचारियों को उनके कानूनी दायित्वों का निर्वहन करने से रोकने की कोशिश की गई। अपर महाधिवक्ता को पहुंचाई गई चोट रजिस्ट्रार के पत्र में अपर महाधिवक्ता-प्रथम परितोष कुमार मालवीय के साथ हुई मारपीट का भी विशेष रूप से जिक्र किया गया है। पत्र के मुताबिक, उनके साथ बुरी तरह मारपीट की गई थी। उनका चेहरा सूज गया था। चेहरे, गर्दन, सिर और पीठ में गंभीर दर्द था। हालत ऐसी थी कि उन्हें खड़े होने और बैठने में भी परेशानी हो रही थी। अन्य अपर शासकीय अधिवक्ताओं के साथ भी मारपीट और खींचतान किए जाने का आरोप है। उन्हें धमकी दी गई कि वे कोर्ट में राज्य सरकार की ओर से पैरवी न करें। पत्र में इसे सरकारी अधिवक्ताओं को उनके कर्तव्यों का निर्वहन करने से रोकने की कोशिश बताया गया है। आपराधिक अवमानना की कार्यवाही के निर्देश इस पूरे मामले को हाईकोर्ट ने गंभीरता से लिया था। 29 अक्टूबर को न्यायमूर्ति अजय भनोट और न्यायमूर्ति दिवेश चंद्र सामंत की खंडपीठ ने मामले में सुनवाई करते हुए आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने की बात कही थी। खंडपीठ ने मामले को मुख्य न्यायाधीश के समक्ष रखने का निर्देश दिया था, ताकि संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के मुताबिक आगे की कार्यवाही पर विचार किया जा सके। इसके साथ ही कोर्ट ने हिंसा, हिंसा के लिए उकसाने, आपराधिक साजिश और तोड़फोड़ समेत अन्य संभावित अपराधों के संबंध में एफआईआर दर्ज कराने के लिए भी उचित कार्रवाई करने को कहा था। कोर्ट ने घटना से संबंधित सोशल मीडिया पर कथित भ्रामक पोस्ट डालने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई और ऐसी पोस्ट को ब्लॉक व डिलीट कराने पर विचार करने का निर्देश दिया था। इन अपराधों में कार्रवाई की मांग रजिस्ट्रार इंद्रकांत शुक्ला ने पुलिस कमिश्नर को भेजे पत्र में आपराधिक साजिश, गंभीर चोट पहुंचाने, सरकारी कर्मचारी को ड्यूटी से रोकने के लिए हमला और आपराधिक बल प्रयोग, सरकारी कर्मचारी को कर्तव्य निर्वहन से रोकने के लिए चोट पहुंचाने, आपराधिक धमकी, हिंसा के लिए उकसाने और कोर्ट में तोड़फोड़ जैसे अपराधों में कार्रवाई करने का अनुरोध किया था। फिलहाल कैंट थाने में हंगामा और मारपीट करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)