वाराणसी में पुलिस ने मस्जिद से उतरवाए लाउड-स्पीकर:बजरडीहा में नोमानिया मस्जिद से उतारे गए मानक से अधिक लाउडस्पीकर, किए गए सीज
ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने और हाईकोर्ट के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराने के उद्देश्य से कमिश्नरेट पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना भेलूपुर अंतर्गत बजरडीहा चौकी क्षेत्र की पुलिस ने रविवार की दोपहर 1 बजे कार्रवाई करते हुए नूर नगर स्थित देव पोखरी की नोमानिया मस्जिद से मानक से अधिक संख्या में लगे लाउडस्पीकरों को उतरवा दिया। पुलिस ने मौके से उतारे गए इन ध्वनि विस्तारक यंत्रों को जब्त कर सीज कर दिया है। न्यायालय के आदेशों का सख्ती से अनुपालन
बजरडीहा चौकी प्रभारी प्रशांत शिवहरे के अनुसार, शासन और माननीय उच्च न्यायालय द्वारा धार्मिक स्थलों व सार्वजनिक स्थानों पर ध्वनि प्रदूषण की रोकथाम के लिए स्पष्ट मानक निर्धारित किए गए हैं। इन आदेशों के तहत किसी भी स्थल पर निर्धारित संख्या और तय डेसिबल से अधिक आवाज में लाउडस्पीकर बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध है। इसी क्रम में भेलूपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि बजरडीहा चौकी क्षेत्र के नूर नगर (देव पोखरी) स्थित नोमानिया मस्जिद में निर्धारित मानकों की अनदेखी करते हुए अधिक संख्या में लाउडस्पीकर लगाए गए हैं। चौकी प्रभारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
बजरडीहा चौकी प्रभारी प्रशांत शिवहरे ने बताया - सूचना पर मौके पर पहुंचकर निरीक्षण के दौरान मस्जिद परिसर में मानक से अधिक लाउडस्पीकर लगे हुए पाए गए। मौके पर मौजूद मस्जिद कमेटी के पदाधिकारियों व संबंधित लोगों को उच्च न्यायालय के आदेशों और ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों की जानकारी दी। इसके पश्चात पुलिस की देखरेख में मानक से अतिरिक्त लगे सभी लाउडस्पीकरों को नीचे उतरवाया गया। उपकरण जब्त कर किए गए सीज
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने उतारे गए सभी अतिरिक्त लाउडस्पीकरों को अपने कब्जे में ले लिया। चौकी प्रभारी प्रशांत शिवहरे ने बताया कि नियमानुसार इन ध्वनि विस्तारक यंत्रों को जब्त कर विधिवत रूप से सीज करने की कार्रवाई की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में पूरी तरह शांति व्यवस्था बनी रही। स्थानीय लोगों और मस्जिद से जुड़े जिम्मेदारों ने भी पुलिस प्रशासन की कार्रवाई में सहयोग किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)