हरदोई में बिना लाइसेंस मिठाई फैक्ट्री बंद कराई:53 हजार का 60 किलो काजू सीज, रसगुल्ले नष्ट किए, तीन दुकानों से खाद्य नमूने लिए
हरदोई में दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावट के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को विभाग की संयुक्त टीम ने शहर की मिठाई की दुकानों और प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। इस दौरान बिना लाइसेंस संचालित फैक्ट्री को बंद कराया गया, जबकि करीब 53 हजार रुपये मूल्य के 60 किलो काजू सीज किए गए। एक अन्य दुकान पर 10 किलो सड़े रसगुल्ले नष्ट कराए गए। बिना लाइसेंस चल रही फैक्ट्री बंद कराई डीएम और आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर अंतरजनपदीय टीम के सहयोग से यह अभियान चलाया गया। सबसे बड़ी कार्रवाई डीएम चौराहा स्थित सांवरिया स्वीट्स पर हुई। यहां बिना लाइसेंस संचालित फैक्ट्री को तत्काल बंद करा दिया गया। संचालक मनोज गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। प्रतिष्ठान से करीब 53 हजार रुपये मूल्य के 60 किलो काजू सीज किए गए। गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर काजू का नमूना जांच के लिए भेजा गया। महादेव स्वीट्स पर 10 किलो सड़े रसगुल्ले नष्ट बिलग्राम चुंगी स्थित महादेव स्वीट्स के प्रतिष्ठान पर भी टीम ने छापेमारी की। यहां 10 किलो सड़े हुए रसगुल्ले मौके पर ही नष्ट कराए गए। परिसर में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर संचालक को नोटिस जारी किया गया। टीम ने खोया और रसमलाई के नमूने भी लिए। वृंदावन स्वीट्स से पेड़े का नमूना लिया एसपी तिराहा स्थित वृंदावन स्वीट्स पर भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई की। यहां पेड़े का नमूना जांच के लिए लिया गया। खामियां मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया। इस संयुक्त अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसके श्रीवास्तव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञान प्रकाश, पटेल, मान सिंह और निरंजन प्रमुख रूप से शामिल रहे। मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा मुख्य खाद्य अधिकारी शैलेंद्र श्रीवास्तव ने गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे कार्रवाई की जानकारी दी। सहायक आयुक्त (खाद्य) कुमार गुंजन ने कहा कि त्योहार के दौरान लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों को बख्शा नहीं जाएगा। आमजन को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)