हरदोई में युवती की संदिग्ध हालात में मौत:बाबा और ताऊ पर धक्का देने का आरोप, इलाज के 30 हजार रुपए मांगने पर विवाद
हरदोई के कोतवाली देहात क्षेत्र के भरिगवां गांव में 23 साल की प्रतिभा सिंह की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने इलाज के लिए रुपये मांगने पर हुए विवाद में बाबा और ताऊ समेत तीन लोगों पर धक्का देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव लेकर रविवार दोपहर तीन बजे पोस्टमार्टम कराया। भरिगवां के रहने वाले प्लंबर हाकिम सिंह और उनकी पत्नी सुषमा उर्फ मनु की 23 साल की बेटी प्रतिभा सिंह 12वीं पास थी। वह पिछले कुछ दिनों से बुखार और खांसी से पीड़ित थी। शुक्रवार रात माता-पिता उसे दवा दिलाने हरदोई के एक निजी डॉक्टर के पास ले गए थे। इसके बाद वे टैक्सी से घर लौटे। प्रतिभा के मामा अमित सिंह के मुताबिक, घर पहुंचने पर हाकिम सिंह ने अपने पिता से बेटी के इलाज के लिए 30 हजार रुपए मांगे। रुपये देने से इनकार करने पर हाकिम सिंह की अपने पिता और बड़े भाई से कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान प्रतिभा को धक्का दिया गया। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे प्रतिभा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार दिनभर रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चलता रहा। शाम करीब चार बजे डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की और शव कब्जे में ले लिया। रविवार दोपहर करीब तीन बजे पोस्टमार्टम कराया गया। दो साल में दोनों बच्चों को खोया हाकिम सिंह की दो ही संतानें थीं। इससे पहले तीन अक्टूबर 2024 को उनके छोटे बेटे अनमोल की सई नदी में डूबने से मौत हो गई थी। दो साल के भीतर दोनों बच्चों को खोने से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार की उम्मीदें टूट गई हैं। हाकिम सिंह ने अपने पिता और बड़े भाई से संपत्ति विवाद की बात भी कही है। देहात कोतवाल समर बहादुर सिंह ने बताया कि परिजनों के शिकायती पत्र और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)