बस में चढ़ते समय महिला की सोने की चेन चोरी:पीजीआई पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया, तीसरी की तलाश
लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में रोडवेज बस में चढ़ते समय महिला की सोने की चेन चोरी करने के आरोप में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी की पीली धातु की चेन बरामद हुई है। वारदात में शामिल तीसरी आरोपी काजल की पुलिस तलाश कर रही है। भीड़ में यात्रियों को बनाती थीं निशाना पुलिस के मुताबिक, आरोपी भीड़भाड़ वाली जगहों, रोडवेज बसों और अन्य वाहनों में सफर करने वाले यात्रियों को निशाना बनाती थीं। बस में चढ़ते और उतरते समय मौका देखकर चेन और अन्य कीमती सामान चोरी कर लेती थीं। इसके बाद चोरी का सामान एक-दूसरे को दे देती थीं। बस में चढ़ते समय चेन खींची विकास खंड निवासी अशोक कुमारी ने 21 नवंबर को पीजीआई थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उतरठिया अंडरपास के पास रायबरेली जाने के लिए रोडवेज बस में चढ़ रही थीं। इसी दौरान कुछ महिलाओं ने उनके गले से करीब 16 ग्राम की सोने की चेन चोरी कर ली। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी जानकारी और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने रविवार, 22 नवंबर को दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। गोरखपुर की रहने वाली हैं आरोपी गिरफ्तार महिलाओं की पहचान सुनीता (30) और मुस्कान (35) के रूप में हुई है। दोनों गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव की रहने वाली हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 21 नवंबर को उन्होंने उतरठिया के पास बस में चढ़ रही महिला की चेन चोरी की थी। इसके बाद चेन मुस्कान को दे दी थी। दोनों तय जगह पर मिलकर चोरी का सामान आपस में बांट लेती थीं। तीसरी आरोपी की तलाश जारी पीजीआई थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चेन बरामद की है। जरूरी कार्रवाई के बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया गया। मामले में तीसरी आरोपी काजल की तलाश की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)