इजराइल में नेतन्याहू-आइजनकोट आज सरकार बनाने पर चर्चा करेंगे:PM पद बांटने का प्रस्ताव, आइजनकोट बोले- 24 घंटे में गंभीरता साबित करें PM
इजराइल में सरकार बनाने को लेकर जारी खींचतान के बीच प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और विपक्षी नेता गादी आइजनकोट आज मुलाकात करेंगे। नेतन्याहू ने शनिवार रात दोनों के बीच प्रधानमंत्री पद बांटने का प्रस्ताव दिया है। इसके तहत आइजनकोट पहले PM बनेंगे और नेतन्याहू उप प्रधानमंत्री रहेंगे। दोनों नेता इजराइल के तटीय शहर हर्जलिया के एक होटल में मिलेंगे। भारतीय समय के मुताबिक, मुलाकात दोपहर 2:00 बजे होगी। आइजनकोट ने कहा है कि अगर लिकुड पार्टी सच में साझा सरकार बनाना चाहती है, तो अगले 24 घंटे में उसे अपनी गंभीरता साबित करनी होगी। दरअसल, अक्टूबर के आखिर में हुए चुनाव में किसी भी बड़े गठबंधन को सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत नहीं मिला था। इसके बाद देश में राजनीतिक संकट बना हुआ है। नेतन्याहू अब दोबारा चुनाव कराए बिना विपक्ष के साथ मिलकर सरकार बनाना चाहते हैं। नेतन्याहू ने सोशल मीडिया पर दिया प्रस्ताव नेतन्याहू ने शनिवार रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा कि एक नेता के तौर पर उनकी जिम्मेदारी है कि वे अपने निजी हितों को अलग रखकर देश के बारे में सोचें। उन्होंने लिखा, मैं इस बात के लिए तैयार हूं कि गादी आइजनकोट पहले प्रधानमंत्री बनें और कार्यकाल की शुरुआत में मैं उप प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी संभालूं। नेतन्याहू इजराइल में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले नेता हैं। उनका यह प्रस्ताव ऐसे समय आया है, जब आइजनकोट उन्हें सत्ता से हटाकर नई सरकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं। आइजनकोट बोले- लिकुड गंभीरता से बात नहीं कर रही आइजनकोट ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट लिखकर कहा कि वे लिकुड के साथ एक साथ सरकार बनाने के लिए समझौता करने को तैयार हैं, लेकिन लिकुड पार्टी इस दिशा में गंभीरता से बातचीत नहीं कर रही। उन्होंने बताया कि पिछले दो हफ्तों में याशार और लिकुड की बातचीत करने वाली टीमें सिर्फ पांच बार मिली हैं। लिकुड ने ज्यादा बार बैठक करने की मांग भी नहीं मानी। आइजनकोट ने आरोप लगाया कि लिकुड तीन अहम मुद्दों पर चर्चा करने से बच रही है। उन्होंने बताया कि उनका गठबंधन सरकारी जांच आयोग बनाने की शर्तों और न्याय व्यवस्था में बदलाव को लेकर भी समझौता करने को तैयार था। इसके बावजूद लिकुड ने दो हफ्तों की बातचीत में कोई ठोस प्रस्ताव नहीं दिया। 6 दिसंबर तक का वक्त, नहीं बनी सरकार तो फिर नेतन्याहू की बारी राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने 8 नवंबर को आइजनकोट को सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। उन्हें 6 दिसंबर तक बहुमत जुटाना है। जरूरत पड़ने पर राष्ट्रपति यह समयसीमा 14 दिन और बढ़ा सकते हैं। आइजनकोट के लिए यह तारीख निजी तौर पर भी अहम है। 7 दिसंबर को उनके बेटे गाल की मौत की तीसरी बरसी है। 25 साल के गाल की मौत गाजा में लड़ाई के दौरान हुई थी। अगर आइजनकोट तय समय में सरकार नहीं बना पाए, तो राष्ट्रपति दोबारा नेतन्याहू को मौका दे सकते हैं। नेतन्याहू भी बहुमत नहीं जुटा पाए, तो इजराइल में फिर से चुनाव कराने पड़ सकते हैं। फिलहाल नेतन्याहू के लिए सबसे बड़ी चिंता यह है कि जिन पार्टियों के सहारे उनकी सरकार टिकी है, उनमें ही टूट की आशंका बढ़ रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)