इंडिगो की फ्लाइट तकनीकी खराबी के चलते पुणे लौटी:गुवाहाटी जा रहे विमान का लैंडिंग गियर अंदर नहीं जा सका; 192 लोग सवार थे
पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो की फ्लाइट रविवार सुबह उड़ान भरने के कुछ देर बाद वापस पुणे लौट आई। विमान का लैंडिंग गियर ऊपर नहीं जा सका था और बाहर ही रह गया। पायलट ने इसकी जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को दी। इसके बाद पुणे एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। विमान में यात्रियों और क्रू मेंबर्स समेत 192 लोग सवार थे। सभी सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और अन्य बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया। एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित पुणे एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, फ्लाइट 6E 0623 ने उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही तकनीकी खराबी की जानकारी दी। पायलट ने ATC को बताया कि विमान का लैंडिंग गियर अंदर नहीं जा रहा और बाहर ही अटका हुआ है। इसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने इंडिगो, ATC और दूसरी संबंधित एजेंसियों को इसकी जानकारी दी। एयरपोर्ट का संचालन संभालने वाली भारतीय वायुसेना ने तुरंत फुल इमरजेंसी घोषित कर दी। इसके बाद किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम किए गए। रनवे के ऊपर से गुजारा विमान, फिर सुरक्षित उतारा लैंडिंग से पहले विमान को रनवे के ऊपर से कम ऊंचाई पर उड़ाया गया, ताकि देखा जा सके कि उसका लैंडिंग गियर ठीक से खुला है या नहीं। इसके बाद सुबह 9:04 बजे विमान को पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। लैंडिंग के बाद तीन दमकल गाड़ियों और दो एंबुलेंस की मदद से विमान को बे नंबर-7 पर ले जाया गया। जांच में विमान की स्थिति सुरक्षित मिलने के बाद सुबह 9:10 बजे इमरजेंसी हटा दी गई। इसके बाद विमान में एयरोब्रिज लगाया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यात्रियों को गुवाहाटी भेजने के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, विमान में सवार सभी 192 लोग सुरक्षित हैं। किसी को चोट नहीं आई। इंडिगो अब यात्रियों को गुवाहाटी पहुंचाने के लिए बेंगलुरु से दूसरा विमान पुणे भेजने की तैयारी कर रही थी। खबर अपडेट की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)