वाराणसी में फ्लैट की खरीद-बिक्री में पति-पत्नी पर क्रॉस केस:40 लाख में बेचा फ्लैट, खरीददार पर 50 कारतूस-बुलेटप्रूफ जैकेट लूटने का आरोप

Nov 16, 2026 - 02:53
0
वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के मकबूल आलम रोड स्थित रुद्रा संतुष्टि अपार्टमेंट में 40 लाख रुपये के फ्लैट की खरीद-बिक्री का विवाद पति-पत्नी के बीच कानूनी लड़ाई तक पहुंच गया है। पत्नी ने पति और उसके भतीजे पर दहेज उत्पीड़न, खाते से रुपये ट्रांसफर कराने और नकदी व वाहन ले जाने का आरोप लगाया है। वहीं, पति ने फ्लैट के खरीदार दंपती पर भुगतान नहीं करने, मारपीट कर बंधक बनाने और नकदी व सामान लूटने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई। पत्नी की तहरीर के मुताबिक, उसका विवाह 26 मई 2018 को हुआ। आरोप है कि पति अश्वनी कुमार दुबे और उसका भतीजा गौरव मिश्रा दहेज में 30 लाख रुपये और चार पहिया वाहन की मांग कर रहे थे। नाना से मिले मकबूल आलम रोड स्थित प्लॉट को 21 जुलाई 2026 को 40 लाख रुपये में बेचने के बाद दोनों ने रकम की मांग शुरू कर दी। आरोप है कि चार और 18 अगस्त को धमकाकर उसके खाते से कुल 9.20 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। इसके अलावा 10 लाख रुपये नकद, कार और एक अन्य वाहन भी ले जाने का आरोप लगाया है। विरोध करने पर छह वर्षीय बेटे के सिर पर पिस्टल सटाकर जान से मारने की धमकी देने की बात भी तहरीर में कही गई है। दूसरी ओर, पति अश्वनी कुमार दुबे की तहरीर के अनुसार, 21 जुलाई को हर्षवर्धन सिंह और उसकी पत्नी दीक्षा सिंह ने उपनिबंधक कार्यालय में 40 लाख रुपये में फ्लैट की रजिस्ट्री कराई थी। दोनों के खातों में 20-20 लाख रुपये भेजने की बात कही गई थी लेकिन रजिस्ट्री के बाद भुगतान नहीं किया गया। रुपये मांगने पर 20 अक्तूबर को आरोपी तीन-चार लोगों के साथ फ्लैट पर पहुंचे और मारपीट कर उसे कमरे में बंधक बना लिया। आरोप है कि इस दौरान अलमारी तोड़कर 5.50 लाख रुपये नकद, करीब 50 कारतूस, बुलेटप्रूफ जैकेट, गृहस्थी का सामान और जमीन से जुड़े कागजात उठा ले गए। पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर पति और उसके भतीजे के खिलाफ जबकि पति की तहरीर पर हर्षवर्धन सिंह, उसकी पत्नी दीक्षा सिंह और तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User