जालौन में सिपाही का रिश्वत लेते वीडियो:चरित्र प्रमाण पत्र के लिए वसूली का आरोप, जांच शुरू
जालौन में पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां चरित्र प्रमाण पत्र बनवाने के एवज में 500 रुपये की रिश्वत लेते एक सिपाही का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो थाने के अंदर का बताया जा रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी खुलेआम रुपये लेते हुए दिखाई दे रहा है। मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामला जिला मुख्यालय उरई से करीब 50 किलो मीटर दूर नदीगांव थाने का है। यहाँ पर तैनात वर्ष 2025 बैच के सिपाही उपेंद्र कुमार पर चरित्र प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर रिश्वत लेने का आरोप है। अनुज कुमार के नाम से चरित्र प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन किया गया था। आरोप है कि इसी प्रमाण पत्र को तैयार कराने के एवज में सिपाही ने 500 रुपये की मांग की और रुपये लेते समय किसी ने उसका वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। थाने के अंदर पुलिसकर्मी द्वारा रिश्वत लेने का वीडियो सामने आने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामला अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचने के बाद कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में कोंच सीओ परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि संबंधित सिपाही के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)