जौनपुर में गडकरी आज सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे:3677 करोड़ की 8 परियोजनाओं से प्रयागराज, भदोही और रायबरेली की कनेक्टिविटी बेहतर होगी
जौनपुर में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के 5 नवंबर को मुंगराबादशाहपुर दौरे से पहले 3677 करोड़ रुपए की आठ सड़क परियोजनाओं की उपयोगिता पर रिपोर्ट तैयार की गई है। इसमें बताया जाएगा कि इन परियोजनाओं से किन इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और आम लोगों को आवागमन में कितना फायदा मिलेगा। रिपोर्ट में मुंगराबादशाहपुर और जौनपुर बाईपास, मड़ियाहूं ROB, मछलीशहर-भदोही टूलेन सड़क और रायबरेली-प्रयागराज लिंक रोड समेत आठ परियोजनाओं का ब्योरा शामिल है। इसमें परियोजनाओं की लागत, लंबाई, प्रभावित गांव, रोज गुजरने वाले वाहनों की संख्या और लाभान्वित आबादी की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही समय और ईंधन की बचत तथा निर्माण की समयसीमा का भी उल्लेख होगा। मछलीशहर-भदोही सड़क का होगा लोकार्पण मछलीशहर से भदोही के बीच 627 करोड़ रुपए की लागत से बनी टूलेन सड़क का लोकार्पण भी होना है। इससे भदोही और मछलीशहर के साथ जंघई, बंधवा और जमुहर के बाजारों को फायदा मिलेगा। इस मार्ग को जौनपुर-रायबरेली हाईवे से बाईपास के जरिए जोड़ने से मछलीशहर नगर में बड़े वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। वहीं, 1505 करोड़ रुपए की लागत से बनी रायबरेली-प्रयागराज लिंक रोड से आसपास के इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। मछलीशहर तहसील के सतहरिया, पंवारा, खाखोपुर, मछलीशहर नगर, समाधागंज, गुलजारगंज और सिकरारा बाजार के दुकानदारों को आने-जाने में समय बचेगा। सुजानगंज, बदलापुर, जौनपुर, मड़ियाहूं और मुंगराबादशाहपुर से जुड़े लोगों को भी माल ढुलाई में कम समय लग सकता है। इन परियोजनाओं से मछलीशहर और आसपास के जिलों के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है। आठ सड़क परियोजनाओं में शामिल गांव और प्रभावित किसान NH-731B मछलीशहर-जौनपुर हाईवे की जिले में लंबाई 49 किमी है। मछलीशहर तहसील के 21 गांव शामिल हैं और 107 करोड़ रुपए मुआवजा बांटा गया है। इससे 3,068 किसान प्रभावित हुए हैं। प्रयागराज-दोह बाईपास की जिले में लंबाई आठ किमी है। मछलीशहर तहसील के पांच गांव शामिल हैं। 51 करोड़ रुपए मुआवजा निर्धारित है, जिसमें से 49.86 करोड़ रुपए दिए जा चुके हैं। इससे 1,520 किसान प्रभावित हैं। NH-135A मड़ियाहूं बाईपास पैकेज-1 की लंबाई 5.65 किमी है। मड़ियाहूं के 14 गांव शामिल हैं। 175.47 करोड़ रुपए मुआवजा बांटा गया है और 2,993 किसान प्रभावित हुए हैं। NH-135A जौनपुर-भदोही पैकेज-1 की लंबाई 38.20 किमी है। इसमें मड़ियाहूं के 34 और सदर के 10 गांव शामिल हैं। 115 करोड़ रुपए मुआवजा बांटा गया है। इससे 6,888 किसान प्रभावित हुए हैं। NH-135A शाहगंज-जौनपुर पैकेज-2 की लंबाई 30.5 किमी है। शाहगंज के 35 गांव शामिल हैं और 286 करोड़ रुपए मुआवजा बांटा गया है। इससे 5,840 किसान प्रभावित हुए हैं। NH-135A सिटी पूर्वी बाईपास की लंबाई 28 किमी है। सदर तहसील के 38 गांव शामिल हैं। 450 करोड़ रुपए मुआवजा बांटा गया है और 8,523 किसान प्रभावित हुए हैं। NH-233 घाघरा-बारा बिज की जिले में लंबाई 16 किमी है। केराकत तहसील के 20 गांव शामिल हैं। 337 करोड़ रुपए मुआवजा बांटा गया है और 3,582 किसान प्रभावित हुए हैं। NH-135A पश्चिमी बाईपास की लंबाई 12.205 किमी है। सदर तहसील के 14 और शाहगंज का एक गांव शामिल है। 306 करोड़ रुपए मुआवजा निर्धारित है, जिसमें से 293 करोड़ रुपए दिए जा चुके हैं। इससे 3,456 किसान प्रभावित हुए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)