जिम में दोस्त संग मिलकर बनाई थी चोरी की योजना:जायदाद से बेदखली का डर, बेटे ने ही दोस्तों संग मिलकर लूट लिया अपना घर
नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर सेक्टर-13 में पूर्व रणजी खिलाड़ी आशु शर्मा के घर करीब 37 लाख रुपये की चोरी हुई थी। सोमवार को पुलिस ने इस घटना का सनसनीखेज खुलासा किया। घर में हुई इस वारदात का मास्टरमाइंड कोई बाहरी बदमाश नहीं बल्कि आशु शर्मा का बेटा समर शर्मा ही निकला। उसने तीन युवकों की व्यवस्था की। घर से 12 लाख रुपये नकद और करीब 25 लाख रुपये के जेवरात चोरी करा दिए। पुलिस के मुताबिक, समर को अंदेशा था कि पिता उसे जायदाद से बेदखल करने वाले हैं। तीन दिन पहले पिता से हुए विवाद के बाद उसने बदला लेने और बेदखली से पहले घर से रकम-जेवरात निकालने की योजना बना ली। जिम में अपनी परेशानी दोस्त ओम सरीन को बताई। ओम ने दो अन्य युवकों को जोड़कर चोरी की पूरी पटकथा तैयार कर दी। वारदात के बाद शक से बचने के लिए समर घर में ही रुका रहा जबकि दोस्तों को नकदी और जेवरात देकर चलता कर दिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर 8.82 लाख रुपये से अधिक नकदी और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। एसएसपी ने चार घंटे में खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। पिता से मारपीट के बाद बदले की ठानी
पुलिस के अनुसार, आशु शर्मा अपने बेटे समर को जायदाद से बेदखल करने का मन बना चुके थे। समर को इसकी भनक लग गई थी। उसे लगा कि अगर पिता ने उसे संपत्ति से बेदखल कर दिया तो उसके हाथ कुछ नहीं आएगा। इसी बीच तीन दिन पहले पिता ने उसके साथ मारपीट कर दी। इससे नाराज समर ने बदला लेने की ठान ली। उसने अपने जिम के दोस्त ओम सरीन पुत्र राहुल सरीन निवासी शास्त्री नगर, थाना लोहिया नगर को पूरी बात बताई। इसके बाद दोनों ने मिलकर घर में चोरी की योजना बनाई। ओम ने दो दोस्तों को जोड़ा और तैयार की पटकथा
ओम सरीन ने अपने परिचित रोहित उर्फ गबरू पुत्र सूर्य प्रकाश निवासी शास्त्री नगर और अंकित पुत्र ओमप्रकाश निवासी शास्त्री नगर को समर से मिलवाया। चारों ने मिलकर घर से नकदी और जेवरात चोरी करने की रणनीति तैयार की। पुलिस के मुताबिक, वारदात से तीन दिन पहले ही योजना बना ली गई थी। मौका मिलते ही चारों ने घर को निशाना बनाया और करीब 12 लाख रुपये नकद व 25 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। 3.5 लाख दोस्तों को दिए, बाकी घर में छिपाई
पुलिस की मानें तो चोरी के बाद समर ने 12 लाख रुपये में से करीब 3.5 लाख रुपये अपने दोस्तों को दे दिए। शेष रकम घर में ही छिपा ली, ताकि किसी को उस पर शक न हो। करीब 25 लाख रुपये के जेवरात भी दोस्तों को सुरक्षित रखने के लिए सौंप दिए गए थे। योजना थी कि मामला शांत होने के बाद नकदी और जेवरात आपस में बांट लिए जाएंगे। वारदात के बाद समर घर में ही रुका रहा, जिससे परिवार को उस पर संदेह न हो। शराब पार्टी में 7.5 हजार रुपये उड़ाए
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद रोहित, ओम और अंकित एक साथ बैठकर शराब पीने लगे। तीनों ने पार्टी में करीब 7,500 रुपये खर्च कर दिए। पुलिस ने तीनों को शराब पीते हुए ही गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चोरी का माल भी बरामद हुआ। इससे पहले पुलिस समर शर्मा को भी गिरफ्तार कर चुकी थी। पूछताछ में चारों की भूमिका सामने आने पर घर में चोरी की पूरी कहानी खुल गई। 8.82 लाख नकद, सोने-चांदी के जेवरात बरामद
पुलिस ने चारों आरोपियों की निशानदेही पर 8,82,500 रुपये नकद और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामदगी में सोने के तीन गले के हार, दो हथफूल, सोने की चूड़ियां, अंगूठियां, माथे के टीके, सोने की चेन, लॉकेट वाली चेन, काले मोतियों की माला, नथ, नाक की लौंग, झुमके और टॉप्स शामिल हैं। इसके अलावा चांदी की पायल, पाजेब, बिछुए, कुंडल, अंगूठियां, ब्रेसलेट, गले का पेंडल, बाजूबंद और टॉप्स भी मिले हैं। पुलिस ने खजूर के 16 बीज, चांदी की आयताकार छोटी ईंट और दो बड़ी चाबियां भी बरामद की हैं। चार घंटे में खुलासा करने वाली टीम को इनाम
एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति के मुताबिक, चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की। महज चार घंटे में वारदात का खुलासा करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। एसएसपी ने खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने शत प्रतिशत माल बरामद करने का भी दावा किया है। ओम पर सामने आया मारपीट का मुकदमा
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में ओम सरीन के खिलाफ पिछले वर्ष नौचंदी थाने में मारपीट का मुकदमा दर्ज हुआ था। बाकी तीन आरोपियों का फिलहाल कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। खुलासे के दौरान पहुंचे चार युवक, तीन हिरासत में
पुलिस जब इस वारदात का खुलासा करने वाली थी, उसी दौरान चार युवक मीडिया के बीच चर्चा का विषय बन गए। एसपी सिटी ने उनसे पूछताछ की तो पता चला कि वह गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों के दोस्त हैं। एसपी सिटी ने तीन युवकों को तत्काल हिरासत में लेकर थाने भिजवा दिया। पुलिस फिलहाल उनसे पूछताछ कर उनके बारे में जानकारी जुटा रही है। सभी के परिजनों को भी बुलाया गया है। इन युवकों की भूमिका और चोरी के मामले से उनके किसी संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)