पिकअप से टकराई बारातियों से भरी कार, सैनिक की मौत:इटावा-बरेली हाईवे पर हादसे में दूल्हे का भाई समेत 8 लोग घायल
फर्रुखाबाद में इटावा-बरेली हाईवे पर राजेपुर थाना क्षेत्र के महमदपुर गढ़िया गांव के पास सोमवार रात करीब आठ बजे बारात की एक्सयूवी कार और पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार सैनिक विश्वनाथ की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। घायलों में दूल्हे का भाई भी शामिल है। पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायलों को लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचाया गया। वहां डॉक्टर ने विश्वनाथ को मृत घोषित कर दिया। घायलों का इलाज जारी है। कमालगंज थाना क्षेत्र के देवरान गढ़िया गांव निवासी प्रदीप पाल की बारात सोमवार को हरदोई जिले के हसनापुर जा रही थी। बारात की एक एक्सयूवी कार में दूल्हे का सैनिक भाई रितिक समेत नौ लोग सवार थे। कार महमदपुर गढ़िया गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही पिकअप से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस घायलों को अपनी दो गाड़ियों और एंबुलेंस की मदद से राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और लोहिया अस्पताल ले गई। बाद में सभी घायलों को लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। हिमाचल में तैनात थे सैनिक विश्वनाथ बताया गया कि विश्वनाथ सेना में नौकरी करते थे और उनकी तैनाती हिमाचल प्रदेश में थी। चचेरे भाई के मुताबिक, विश्वनाथ एक महीने पहले छुट्टी पर घर आए थे। मंगलवार को उन्हें वापस हिमाचल जाना था, लेकिन इससे पहले ही हादसा हो गया। विश्वनाथ दो भाइयों में बड़े थे। उनकी एक बेटी है। उनकी मौत से पत्नी पूजा समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। ये लोग हुए घायल हादसे में देवराम गढ़िया गांव निवासी 22 वर्षीय सोनू, 30 वर्षीय सत्येंद्र, 26 वर्षीय रितिक, 20 वर्षीय हनी, 19 वर्षीय शिवा पाल, 28 वर्षीय सनी पाल, 28 वर्षीय बृजेश और कोमल के अलावा औरैया जिले के बिधूना निवासी 25 वर्षीय हृदेश घायल हुए। लोहिया अस्पताल में उपचार के बाद चिकित्सकों ने सत्येंद्र, हृदेश, कोमल और हनी को रेफर कर दिया। घायलों का हाल जानने पहुंचे विधायक बारातियों के घायल होने की सूचना पर भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर भी लोहिया अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि घायलों को कन्नौज के तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर करने के बजाय किसी हायर सेंटर भेजा जाए। बताया गया कि हादसे के समय कार सत्येंद्र चला रहा था। इमरजेंसी में मची अफरा-तफरी एक साथ कई घायलों के पहुंचने से लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। किसी का स्ट्रेचर पर तो किसी का बेड पर उपचार किया गया। राजेपुर थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि कार और पिकअप की टक्कर में एक युवक की मौत हुई है। कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)