जीटी रोड पर ट्रक ने बच्ची को कुचला:रेस्टोरेंट जा रहे थे दंपत्ति, यू-टर्न लेने में हुआ हादसा, ड्राइवर को पकड़ा
जीटी रोड पर मंगलवार देर रात कार्डियोलाजी के सामने यू-टर्न लेने के दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार दंपत्ति को टक्कर मार दी। जिससे दंपत्ति के बीच में बैठी ढाई साल की बच्ची सड़क पर जा गिरी। भागने के चक्कर में ट्रक चालक ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने ट्रक को घेरकर आरोपी ड्राइवर पकड़ा और पीटने के बाद पुलिस को सौंप दिया। हादसे के बाद घटनास्थल से लेकर नाै नंबर क्रासिंग तक लंबा जाम लग गया। कार्डियोलॉजी के सामने यू-टर्न लेने में हादसा हुआ नवाबगंज सूर्य विहार निवासी प्राइवेट कर्मी विशाल पत्नी अर्शिता और ढाई वर्षीय बच्ची नाया के साथ स्कूटी से रेस्टोरेंट में खाना खाने जा रहे थे। कार्डियोलाजी के सामने यू-टर्न लेने के दौरान कल्याणपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे बच्ची समेत दंपत्ति सड़क पर उछलकर जा गिरे। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर ने भागने के प्रयास में बच्ची नाया को रौंद दिया। भाग रहे ड्राइवर को लोगों ने पकड़ कर जमकर पीटा। हादसे की सूचना पर स्वरूप नगर पुलिस मौके पर पहुंची और ड्राइवर को हिरासत में लेकर शव को मोर्चुरी में भिजवाया। इकलौती बेटी की मौत से दंपत्ति का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि ड्राइवर को हिरासत में लिया गया है, परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई की जायेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)