लखनऊ ट्रिपल मर्डर के हत्यारोपी के घर की बाउंड्री गिराई:LDA ने शाम को सील किया था; मां ने कहा था- हत्यारों को खत्म कर दो
लखनऊ में दिनदहाड़े हुए ट्रिपल मर्डर के बाद मंगलवार को जमकर बवाल हुआ। पोस्टमॉर्टम के बाद पिता-बेटे और भाई का शव घर पहुंचते ही लोगों ने सड़क जाम कर दी। इस बीच डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी मृतकों के घर पहुंचे। उन्हें देखते ही लोगों ने ‘बुलडोजर शासन सो गया’ जैसे नारे लगाए। लेकिन, डिप्टी सीएम चुपचाप हाथ जोड़ते हुए घर के अंदर परिवार से मिलने चले गए। इसके बाद डिप्टी सीएम ने ऐलान किया कि शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभु की पत्नी रुचि तिवारी को सरकारी नौकरी दी जाएगी। बेटी की पढ़ाई आजीवन फ्री होगी। परिवार को सुरक्षा मिलेगी। आरोपियों पर रासुका (NSA) के तहत कार्रवाई होगी। डिप्टी सीएम के ऐलान के 6 घंटे के अंदर रात 10 बजे लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के बुलडोजर से घर की बाउंड्री गिरा दी गई। शाम को LDA के अधिकारियों ने उसके घर को सील किया था। इससे पहले आरोपी के चाचा आदि परिवारवालों के घरों से सामान हटाकर बाहर कर दिए गए। डिप्टी सीएम के आश्वासन के बाद घरवाले तीनों शवों को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने को तैयार हुए। डिप्टी सीएम ने भी अर्थी को कंधा दिया और चिता पर लकड़ी लगाई। पोस्टमॉर्टम के करीब 5 घंटे बाद तीनों शवों का गुलाला घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले जब पोस्टमॉर्टम के बाद पिता, बेटे और छोटे भाई की लाशें घर पहुंची थीं, तो शव देखकर मां-बहन चीख-चीखकर रोने लगीं। मां ने रोते हुए कहा था- हत्यारे ने हमारा परिवार उजाड़ दिया। उसे फांसी होनी चाहिए। उसका परिवार भी खत्म कर दो। इस बीच, पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने सआदतगंज थाने के इंस्पेक्टर संतोष कुमार आर्य और चौकी प्रभारी अजय कुमार चौरसिया सस्पेंड कर दिया। देर शाम लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने हत्यारोपी ऋषभ शुक्ला का सील कर दिया। वहीं, उसके चाचा गिरीश आदि के घर देर रात तक खाली कराए जाते रहे। कार पार्किंग और चबूतरे के विवाद में 3 लोगों की हत्या हुई थी सआदतगंज के ब्राह्मण टोला में सोमवार सुबह कार पार्किंग और चबूतरे को लेकर ऋषभ शुक्ला (30) ने 3 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक शिवाजी तिवारी (62) सचिवालय के रिटायर्ड कर्मचारी थे। RSS के जिला सर कार्यवाह भी रहे थे। शिवाजी के भाई शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभु लखनऊ यूनिवर्सिटी में काम करते थे। शिवाजी का बेटा सुयश (30) का बिजली के सामान का कारोबार था। 5 दिसंबर को उसकी शादी होनी थी। आरोपी ऋषभ मर्चेंट नेवी में नेविगेशन अफसर था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)