जलालपुर सीट पर 3 दशक से नहीं जीती भाजपा:1996 में शेर बहादुर जीते थे, 2027 में साख बचाने की चुनौती

Nov 16, 2026 - 09:47
0
जलालपुर सीट पर 3 दशक से नहीं जीती भाजपा:1996 में शेर बहादुर जीते थे, 2027 में साख बचाने की चुनौती
अम्बेडकरनगर की जलालपुर विधानसभा सीट भाजपा के लिए लंबे समय से सियासी चुनौती बनी हुई है। प्रदेश की सत्ता और संगठन में मजबूत पकड़ के बावजूद पार्टी यहां करीब तीन दशक से विधानसभा चुनाव नहीं जीत सकी है। भाजपा ने आखिरी बार 1996 में शेर बहादुर के जरिए इस सीट पर कमल खिलाया था। इसके बाद चुनाव दर चुनाव समीकरण बदले, प्रत्याशी बदले और सत्ता की तस्वीर बदलती रही, लेकिन भाजपा की जीत का इंतजार खत्म नहीं हुआ। अब 2027 के चुनाव में पार्टी के सामने पुराना रिकॉर्ड तोड़ने के साथ ही स्थानीय नेतृत्व को साधने की चुनौती भी है। चुनावी आंकड़े भाजपा की कमजोर स्थिति को बयां करते हैं। 2017 में बसपा के रितेश पांडेय ने भाजपा के डॉ. राजेश सिंह को 13,030 मतों से हराया था। 2022 में सपा के राकेश पांडेय 93,668 वोट पाकर विधायक बने। बसपा के डॉ. राजेश सिंह को 80,038 और भाजपा के सुभाष चंद्र राय को 71,236 वोट मिले। इस तरह भाजपा तीसरे स्थान पर रही। सपा से भाजपा 22,432 वोट पीछे रह गई, जबकि बसपा को भी भाजपा से 8,802 वोट अधिक मिले। ये आंकड़े बताते हैं कि जलालपुर में भाजपा को जीत के लिए अपनी चुनावी जमीन नए सिरे से मजबूत करनी होगी। 15 साल की तैयारी, तीन बार टिकट से चूके इसी बीच भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष डॉक्टर रजनीश सिंह ने 2027 में टिकट मिलने और चुनाव जीतने का खुलकर दावा किया है। उनका कहना है कि वह करीब 15 वर्षों से लगातार विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। 2017 में टिकट मांगा तो दूसरे दल से आए प्रत्याशी को मौका मिला। 2019 के उपचुनाव में भी वह प्रबल दावेदार थे, लेकिन फिर दूसरे दल से आए नेता को टिकट दिया गया। 2022 में भी टिकट लगभग तय होने के बावजूद चुनाव से चार दिन पहले दूसरे दल से आए व्यक्ति को प्रत्याशी बना दिया गया। उन्होंने कहाकि पांच, दस और 15 वर्षों तक क्षेत्र में संगठन के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं की अनदेखी से स्वाभाविक रूप से असंतोष पैदा होता है। इसके बावजूद भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रवादी विचारधारा और पार्टी के प्रति प्रतिबद्धता के कारण पूरी मेहनत से जुटे रहते हैं। संगठन की परीक्षा भी, स्थानीय चेहरे की मांग भी डॉक्टर रजनीश का कहना है कि संगठन की ताकत और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर भाजपा 2027 में जलालपुर समेत जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी। हालांकि, जलालपुर में पार्टी के सामने असली सवाल यही है कि क्या संगठन स्थानीय कार्यकर्ताओं की दावेदारी को प्राथमिकता देगा या फिर किसी दूसरे दल से आए चेहरे पर दांव लगाएगा। तीन दशक की हार, 2022 में तीसरे स्थान का प्रदर्शन और टिकट को लेकर भीतरखाने की नाराजगी के बीच 2027 का चुनाव भाजपा के लिए संगठनात्मक एकजुटता और राजनीतिक साख दोनों की परीक्षा साबित होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User