सोनभद्र में पड़ोसी ने की थी बच्चे की हत्या:सोते समय घर से उठाया, पत्थर से हमला किया, शव बंद खदान में फेंका था; अरेस्ट
सोनभद्र के चुर्क-गुरमा नगर पंचायत की आदिवासी बस्ती में तीन वर्षीय मासूम विशाल की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, बच्चे की हत्या उसके पड़ोसी सत्यम ने की थी। आरोपी मूक-बधिर है। वह बच्चे को घर में सोते समय उठाकर गुरमा स्थित बंद पड़ी खदान के पास ले गया। वहां पत्थर से उसकी गर्दन पर वार कर हत्या कर दी और शव खदान में फेंक दिया। रविवार को आरोपी की निशानदेही पर बच्चे का शव बरामद हुआ था। सोमवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। 13 नवंबर को दर्ज कराई थी गुमशुदगी चोपन थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता ने बताया कि गुरमा वार्ड दो निवासी मंजू सिंह ने 13 नवंबर को अपने तीन वर्षीय बेटे विशाल के लापता होने की तहरीर दी थी। काफी तलाश के बाद भी बच्चे का पता नहीं चला तो पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की विवेचना गुरमा चौकी प्रभारी कर रहे थे। जांच के दौरान बच्चे के पड़ोसी मूक-बधिर सत्यम की भूमिका संदिग्ध मिली। शराब पीने के दौरान हुआ था विवाद पुलिस के अनुसार, मंजू और सत्यम के बीच पहले से परिचय था। दोनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था। अक्सर साथ बैठकर शराब भी पीते थे। घटना वाले दिन भी दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद मंजू घर से कहीं चली गई। इसी बीच गुस्से में सत्यम घर में सो रहे विशाल को उठाकर अपने साथ ले गया। बंद खदान के पास पत्थर से किया हमला पुलिस के मुताबिक, आरोपी बच्चे को लेकर गुरमा स्थित बंद खदान के पास पहुंचा। वहां पत्थर से उसकी गर्दन पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से विशाल की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी शव को खदान में फेंककर वहां से चला गया। घरवालों की मदद से आरोपी से की पूछताछ थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी सत्यम मूक-बधिर है। इसलिए उससे बातचीत कर घटना की जानकारी जुटाने में परेशानी हो रही थी। वह बचपन से जिस घर में रह रहा था, वहां के लोगों की मदद से उससे बातचीत की गई। इसके बाद रविवार को उसकी निशानदेही पर बच्चे का शव बरामद किया गया। सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद देर शाम न्यायालय भेज दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)