एसएन नई इमरजेंसी में बनेगा 50 बेड का डिजास्टर एरिया:आपदा के समय मिलेगी अलग इलाज की सुविधा, 4 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर भी बनेंगे

Nov 23, 2026 - 13:14
0
एसएन नई इमरजेंसी में बनेगा 50 बेड का डिजास्टर एरिया:आपदा के समय मिलेगी अलग इलाज की सुविधा,  4 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर भी बनेंगे
शहर के एसएन मेडिकल कॉलेज में बड़े हादसों और आपदाओं के दौरान घायलों को बेहतर इलाज देने के लिए नई इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर की डिजाइन में बदलाव किया गया है। अब इस बिल्डिंग में 50 बेड का अलग डिजास्टर एरिया बनाया जाएगा। इसका इस्तेमाल सामान्य दिनों में नहीं होगा। किसी बड़े हादसे या आपदा के समय जब अचानक मरीजों की संख्या बढ़ेगी, तब यहां उनका इलाज किया जा सकेगा। इससे इमरजेंसी के सामान्य वार्डों पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ेगा। इंटीग्रेटेड प्लान के तहत बन रही यह बिल्डिंग जी+8 होगी और इसकी कुल क्षमता 250 बेड की होगी। इसमें बाल रोग, हड्डी रोग, मेडिसिन और सर्जरी विभाग के लिए 50-50 बेड के वार्ड बनाए जाएंगे। सभी बेड पर ऑक्सीजन की सुविधा होगी। इसके अलावा बिल्डिंग में 50 बेड का आईसीयू और चार मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर भी बनाए जाएंगे। मरीजों की जांच और इलाज के लिए आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। 40 साल पुरानी इमरजेंसी की जगह लेगी नई बिल्डिंग एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में इमरजेंसी में 80 बेड हैं। इसकी इमारत करीब 40 साल पुरानी है। मरीजों की बढ़ती जरूरत और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं को देखते हुए नई इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें पहली बार अलग से डिजास्टर एरिया बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि किसी बड़े हादसे या आपदा में अचानक बड़ी संख्या में घायल मरीज आने पर इस विशेष क्षेत्र का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे अन्य वार्डों में भर्ती मरीजों का इलाज प्रभावित हुए बिना आपात स्थिति में आने वाले मरीजों को भी उपचार मिल सकेगा। अगले साल जून तक भवन तैयार होने की उम्मीद नई इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर की बिल्डिंग अगले साल जून तक तैयार होने की उम्मीद है। इसके बाद दिसंबर तक यहां चिकित्सकीय सेवाएं शुरू करने का लक्ष्य है। नई बिल्डिंग शुरू होने से मरीजों को एक ही परिसर में इमरजेंसी, ट्रॉमा केयर, आईसीयू और ऑपरेशन की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User