जनगणना-2027 को लेकर DM अलीगढ़ ने की अपील:16 नवंबर से खुद दर्ज करें परिवार की जानकारी, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
जनगणना-2027 में इस बार नागरिकों को अपने परिवार की जानकारी खुद दर्ज करने का मौका मिलेगा। इसके लिए 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। लोग आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर परिवार और आवास का विवरण ऑनलाइन भर सकेंगे। स्व-गणना पूरी होने पर मिलने वाली पहचान संख्या (आईडी) सुरक्षित रखनी होगी, जिसे प्रगणक के घर पहुंचने पर सत्यापन के लिए दिखाना होगा। वहीं, 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। 15 दिन, 15 थीम पर जागरूकता अभियान स्व-गणना में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी के लिए जिले में 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा। डीएम एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अविनाश कुमार ने विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की जिम्मेदारियां तय की हैं। 16 नवंबर को राजस्व एवं प्रशासन दिवस से अभियान शुरू होगा। 17 को स्थानीय निकाय एवं ग्रामीण विकास, 18 को सामुदायिक संस्थान एवं मीडिया और 19 को सामुदायिक नेतृत्व एवं शहरी क्लस्टर दिवस रहेगा। इस दौरान मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारे, आरडब्ल्यूए और सामाजिक संगठनों को जोड़ा जाएगा। पुलिस, स्कूल, अस्पताल से लेकर बैंकों तक जिम्मेदारी 20 नवंबर को न्यायिक दिवस पर न्यायपालिका और बार एसोसिएशन, 21 को वर्दीधारी बल दिवस पर पुलिस, पीएसी, होमगार्ड और अग्निशमन विभाग अभियान चलाएंगे। 22 को बैंक, रेलवे और डाक विभाग, 23 को स्कूल-कॉलेज और 24 नवंबर को सरकारी व निजी अस्पतालों के माध्यम से प्रचार होगा। 25 को उद्योग एवं परिवहन, 26 को महिला एवं स्वयं सहायता समूह और 27 को डिजिटल एक्सेस सपोर्ट एवं विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों पर फोकस रहेगा। जनसेवा केंद्रों से स्व-गणना में मदद मिलेगी। 28 को सोशल मीडिया, 29 को ट्रांसजेंडर समुदाय और 30 नवंबर को किसान दिवस के तहत कृषि, मंडी, पशुपालन एवं उद्यान विभाग के माध्यम से जागरूकता फैलाई जाएगी। किरायेदारों और अकेले रहने वालों पर भी नजर डीएम ने कहा कि जनगणना के आंकड़े शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और दूसरी जनकल्याणकारी योजनाओं के नियोजन का आधार बनते हैं। इसलिए कोई भी परिवार या व्यक्ति गणना से छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने किरायेदारों, प्रवासी श्रमिकों, वरिष्ठ नागरिकों, अकेले रहने वाले लोगों और दूरस्थ बस्तियों में रहने वाले परिवारों तक अभियान पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। नागरिकों से अपील की है कि वे स्व-गणना के बाद आईडी सुरक्षित रखें और प्रगणकों को सही व पूरी जानकारी दें। अभियान की गतिविधियों के फोटो जनगणना कंट्रोल रूम, कलेक्ट्रेट के व्हाट्सएप नंबर 8006645456 पर भेजे जाएंगे। स्व-गणना की प्रक्रिया समझने के लिए आधिकारिक वीडियो भी जारी किया गया है। डीएम ने लोगों से खुद स्व-गणना करने और परिवार, मित्रों व आसपास के लोगों को भी प्रेरित करने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)