जस्टिस गौतम-चौधरी ने हिंदी में दिए 38,600 से ज्यादा आदेश:कौशांबी के KPS FIESTA7 में बोले- विद्यार्थी हिंदी को हीन भावना से न देखें

Nov 17, 2026 - 17:25
0
जस्टिस गौतम-चौधरी ने हिंदी में दिए 38,600 से ज्यादा आदेश:कौशांबी के KPS FIESTA7 में बोले- विद्यार्थी हिंदी को हीन भावना से न देखें
कौशांबी के भरवारी स्थित परसरा के रिद्धि सिद्धि ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे तीन दिवसीय KPS FIESTA #7 का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति गौतम चौधरी ने फीता काटकर किया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत, गणपति नृत्य समेत कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। 38,600 से अधिक फैसले और आदेश हिंदी में दिए कार्यक्रम को संबोधित करते हुए न्यायमूर्ति गौतम चौधरी ने कहा कि बच्चों को अपनी मातृभाषा कभी नहीं भूलनी चाहिए। उन्हें अन्य भाषाओं का भी ज्ञान रखना चाहिए, लेकिन हिंदी भाषा को बढ़ावा देना जरूरी है। अपनी भाषा में बात करने का जो भाव और जुड़ाव होता है, वह किसी दूसरी भाषा में नहीं मिलता। उन्होंने अपने न्यायिक कार्यकाल का जिक्र करते हुए बताया कि अब तक 38,600 से अधिक फैसले और आदेश हिंदी में पारित किए हैं। उन्होंने बताया कि 12 दिसंबर 2019 को इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में शपथ ली थी। इसके आठ दिन बाद ही 20 दिसंबर 2019 को हिंदी में अपना पहला फैसला सुनाया था। आम नागरिक को उसकी भाषा में मिले न्याय न्यायमूर्ति गौतम चौधरी ने बताया कि उन्होंने मुख्य रूप से जमानत याचिकाओं, पुनरीक्षण अर्जियों, आपराधिक अपीलों, ट्रांसफर आवेदनों और जनहित याचिकाओं से जुड़े मामलों का निस्तारण हिंदी में किया है। उन्होंने कहा कि आम नागरिक और वादकारी को उसके मुकदमे का फैसला उसकी अपनी भाषा में मिलना चाहिए, ताकि न्यायिक प्रक्रिया सभी के लिए सरल और स्पष्ट हो सके। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का किया उद्घाटन, खेला मैच कार्यक्रम के दौरान न्यायमूर्ति गौतम चौधरी ने विद्यालय में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन भी किया। इसके बाद उन्होंने एक ओवर का क्रिकेट मैच भी खेला। वहीं, विद्यालय के प्रबंधक और चायल के पूर्व भाजपा विधायक ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी कामना है कि विद्यालय के बच्चे पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी आगे बढ़ें। तीन दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन का समापन शाम चार बजे के बाद हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User