कानपुर में 5100 दीपों से रोशन हुआ अटल घाट:नदी संरक्षण का दिया संदेश, कारगिल पार्क में शहीदों के नाम जलाए दीप

Nov 04, 2026 - 23:15
0
कानपुर में 5100 दीपों से रोशन हुआ अटल घाट:नदी संरक्षण का दिया संदेश, कारगिल पार्क में शहीदों के नाम जलाए दीप
कानपुर में गंगा उत्सव-2026 के अवसर पर बुधवार शाम गंगा बैराज स्थित अटल घाट 5100 दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। दीपोत्सव, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महागंगा आरती और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने घाट पर उत्सव का माहौल बना दिया। इस दौरान गंगा को स्वच्छ रखने और नदी संरक्षण का संदेश भी दिया गया। विधायक नीलिमा कटियार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश की सभ्यता और संस्कृति का सम्मान बढ़ा है। उत्तर प्रदेश, जो कभी दंगा प्रदेश के नाम से जाना जाता था, आज उत्सव प्रदेश बन गया है। देखिए 3 तस्वीरें… गंगा बैराज के अटल घाट पर नमामि गंगे अभियान के तहत जिला गंगा समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विधायक नीलिमा कटियार मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुईं। उन्होंने पर्यावरण और नदी संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय काम करने वाली सामाजिक संस्थाओं को सम्मानित किया। इनमें वीमेन एम्पावरमेंट वेलफेयर सोसाइटी, रेवम्प इंडिया, गंगा रक्षक दल (श्री मां गंगा आरती परिवार निधि), गीतानुरागी फाउंडेशन और कानपुर प्लॉगर सहित अन्य संस्थाएं शामिल रहीं। छात्र-छात्राओं का किया सम्मान गंगा उत्सव के तहत एक से तीन नवंबर तक शहर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए थे। इनमें प्रभात फेरी, खेल प्रतियोगिताएं, संगोष्ठियां और स्कूल-कॉलेजों में विभिन्न प्रतियोगिताएं कराई गईं। इन गतिविधियों में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को विधायक नीलिमा कटियार और डीएफओ आकांक्षा जैन ने सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। वहीं, बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। विधायक नीलिमा कटियार ने बताया कि एक समय गंगा यहां नाले के स्वरूप में दिखाई देती थीं, लेकिन लगातार प्रयासों और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसी योजनाओं से स्थिति बदली है। आज गंगा में डॉल्फिन दिखाई दे रही हैं और गंगा का जल आचमन योग्य हुआ है। गंगा पहले से अधिक स्वच्छ और निर्मल हुई हैं। अटल घाट पर 5100 दीप प्रज्वलित किए इसके बाद अटल घाट पर 5100 दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से अटल घाट का नजारा देखते ही बना। शाम 6 बजे आचार्य कालीचरण दीक्षित और अन्य पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महागंगा आरती की। इस मौके पर जिला पंचायतराज अधिकारी, जिला पर्यटन अधिकारी, उप प्रभागीय वनाधिकारी, जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे और जिला गंगा समिति के सदस्य समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कारगिल पार्क में शहीदों के नाम जलाए दीप मोतीझील स्थित कारगिल पार्क बुधवार शाम 11 हजार गोबर के दीपों से जगमगा उठा। नगर निगम की ओर से देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए एक दीपक शहीदों के नाम कार्यक्रम आयोजित किया गया। कान्हा गौशाला किशनपुर में संरक्षित गायों के गोबर से तैयार 11 हजार गौ-मय दीप जलाए गए। महापौर प्रमिला पांडेय ने गौ-पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और विधायक नीलिमा कटियार भी मौजूद रहीं। 11 हजार गोबर के दीपों से जगमगाया कारगिल पार्क कार्यक्रम में दीप प्रज्वलित कर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। पशुओं की देखभाल और उनके कल्याण के लिए काम करने वाले पशु प्रेमियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। गोबर से गौ-मय दीप और अन्य उत्पाद तैयार करने वाली महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। गोबर से पूजा सामग्री बनाने की पहल को सराहा महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री युवाओं को स्टार्टअप के माध्यम से देश के विकास में भागीदारी के लिए प्रेरित कर रहे हैं। ऐसे में नगर निगम की गौशालाओं में गोबर से गणेश-लक्ष्मी, कुबेर की मूर्तियां और दीपक तैयार करना एक अच्छी पहल है। इससे गोबर का उपयोगी उत्पादों के रूप में इस्तेमाल हो रहा है और लोगों को रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं। महापौर ने शहरवासियों से अपील की कि अपने गौवंशों को घर पर बांधकर रखें और उन्हें सड़कों पर खुला न छोड़ें। कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके निरंजन, पशु कल्याण अधिकारी डॉ. शिल्पा सिंह, नगर निगम के अधिकारी और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बच्चों ने भी उत्साह के साथ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User