लखनऊ यूनिवर्सिटी में 400 विदेशी छात्रों ने दीपावली मनाई:50 देशों के छात्र शामिल हुए, अंतर-सांस्कृतिक समझ बढ़ाने का मिला अवसर
लखनऊ विश्वविद्यालय में विदेशी छात्रों ने दीपावली का पर्व 'दीपोत्सव 2026' के रूप में उत्साह के साथ मनाया। करीब 50 देशों के 400 अंतरराष्ट्रीय छात्र भारतीय परंपराओं और संस्कृति के रंगों में रंगे नजर आए। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने किया। आचार्य नरेंद्र देव इंटरनेशनल बॉयज हॉस्टल और बीरबल साहनी गर्ल्स हॉस्टल की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित कार्यक्रम में कुलपति ने विधि-विधान से लक्ष्मी-गणेश पूजन किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय छात्रों और विश्वविद्यालय परिवार को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। त्योहार संस्कृतियों के बीच सेतु कुलपति ने कहा कि दीपावली जैसे त्योहार विभिन्न संस्कृतियों के बीच सेतु का काम करते हैं। ऐसे आयोजन आपसी समझ, मित्रता और वैश्विक सद्भाव को मजबूत करते हैं। उन्होंने भारतीय परंपराओं को अपनाने और विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक जीवन में सक्रिय भागीदारी के लिए विदेशी छात्रों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अंतरराष्ट्रीय छात्रों को समावेशी वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। दीपोत्सव जैसे आयोजन भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित होने और अंतर-सांस्कृतिक समझ बढ़ाने का अवसर देते हैं। सामूहिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं कार्यक्रम में पारंपरिक उत्सव, सांस्कृतिक संवाद और सामूहिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। विदेशी छात्रों ने उत्साह के साथ इसमें भाग लिया और भारतीय संस्कृति के साथ अपने जुड़ाव को साझा किया। इस अवसर पर छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. अमिता कनौजिया, अंतरराष्ट्रीय सहयोग निदेशक एवं अंतरराष्ट्रीय छात्र सलाहकार प्रो. आरपी सिंह, चीफ प्रोवोस्ट प्रो. आशीष अवस्थी, बीरबल साहनी गर्ल्स हॉस्टल की प्रोवोस्ट प्रो. मनीषा शुक्ला, प्रॉक्टर प्रो. राकेश द्विवेदी और वर्क्स सुपरिंटेंडेंट प्रो. विनीत कुमार वर्मा सहित विभिन्न हॉस्टलों के प्रोवोस्ट, शिक्षक और कर्मचारी शामिल हुए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)