कानपुर में छठ पर्व से पहले BJP विधायक का निरीक्षण:विधायक ने घाटों पर लग रही पीली ईंटों को हाथ से तोड़ा, गंदगी पर भड़के
कानपुर में छठ पर्व से पहले किदवई नगर से भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी गुरुवार को निरीक्षण पर निकले। इस दौरान उन्होंने नौबस्ता के धोबिन पुलिया घाट पर हो रहे घटिया पीली ईंट को हाथ से तोड़ दिया और ठेकेदार को फटकार लगाते ही अफसरों को जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने सचान गेस्ट हाउस और सीटीआई नहर का निरीक्षण किया। इस दौरान घाटों पर बेहद गंदगी मिली। विधायक ने अफसरों के साथ किया घाटों का निरीक्षण छठ पूजा के पावन पर्व को देखते हुए विधायक महेश त्रिवेदी ने विभिन्न छठ घाटों एवं नहरों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान धोबिन पुलिया में नगर निगम द्वारा निर्माणाधीन छठ घाट में ठेकेदार द्वारा पीली ईंटों का प्रयोग किए जाने पर विधायक ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार को निर्माण कार्य की जांच कराने तथा गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद विधायक ने चतुर्वेदी बिल्डिंग स्थित नहर एवं सचान चौराहा स्थित नहर का निरीक्षण किया। यहां काफी गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए जोनल अधिकारी अनुपम त्रिपाठी एवं जोनल स्वच्छता अधिकारी अश्वनी यादव को तत्काल सफाई अभियान चलाकर नहर एवं आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह स्वच्छ कराने के निर्देश दिए। वहीं सीटीआई धर्मेंद्र नगर क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान नहर विभाग द्वारा कराई गई सफाई के बाद जमा सिल्ट एवं गंदगी को देखकर उसे तत्काल हटवाने के निर्देश दिए। छठ से पहले सफाई का अल्टीमेटम विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छठ पूजा से पूर्व सभी घाटों, नहरों एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई हर हाल में पूरी कराई जाए। श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा से जुड़े इस पर्व में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी व्यवस्थाएं केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देनी चाहिए। इसके साथ ही श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों के सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए नहर पर बनी पांच पुलियों का चौड़ीकरण भी कराया जाएगा, जिससे आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार, जेडएसओ जोन-5 अश्वनी यादव, जेडएसओ जोन-3 आशीष बाजपेई, अधिशासी अभियंता जोन-5 कमलेश पटेल, आर.के. तिवारी, सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता सार्थक कुमार एवं अवर अभियंता गोविंद कुमार सहित अंकित शर्मा, गौरव तिवारी, बृजेश द्विवेदी, रोहित मिश्र, आनंद सिंह, मनीष मिश्र एवं मीडिया प्रभारी नीरज गुप्ता उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)