कानपुर में सुबह-रात ठंड, दोपहर में तेज धूप:तीन दिन में 2.5 डिग्री गिरा तापमान, बुधवार को बारिश के आसार नहीं
कानपुर में नवंबर की शुरुआत के साथ मौसम में बदलाव दिखने लगा है। सुबह और देर रात हल्की ठंड महसूस हो रही है, जबकि दोपहर में तेज धूप निकल रही है। बुधवार को भी आसमान साफ रहेगा। दिन में चटक धूप निकलेगी और बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं का असर अब मैदानी इलाकों में दिखने लगा है। पिछले तीन दिनों में शहर का तापमान करीब 2.5 डिग्री गिरा है। बुधवार को अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री और न्यूनतम 18 से 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन में गर्मी बनी रहेगी, जबकि सुबह और रात को ठंड का एहसास बढ़ेगा। सर्द हवाओं से गिर रहा रात का तापमान मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं का असर मैदानी इलाकों में दिखने लगा है। एक नवंबर से रात के तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। दिन के तापमान में अभी उतार-चढ़ाव बना रहेगा। आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने से दिन का पारा फिर बढ़ सकता है। फिलहाल कानपुर में बारिश की कोई संभावना नहीं है। सामान्य से 3.4 डिग्री ज्यादा रहा रात का पारा सीएसए की मंगलवार को जारी मौसम रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 0.7 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक था। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 89% रही। सुबह से आसमान साफ था और दिन में तेज धूप निकली। शाम होते ही हवाओं से ठंडक महसूस होने लगी। मौसम विशेषज्ञ ने किसानों को रबी की फसलों की तैयारी तेज करने की सलाह दी है। जिन खेतों में नमी कम है, वहां जरूरत के मुताबिक सिंचाई कर पलेवा किया जा सकता है। खेत तैयार होने के बाद किसान गेहूं की बुवाई कर सकते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)