प्रसूता की मौत के बाद DM ने मांगी रिपोर्ट:सीतापुर में ऑपरेशन के बाद बिगड़ी थी हालत, तीन सदस्यीय कमेटी गठित
सीतापुर के रामकोट थाना क्षेत्र के जीवन हॉस्पिटल में प्रसव के बाद प्रसूता की मौत के मामले में डीएम डॉ. राजा गणपति आर ने बुधवार सुबह 7 बजे बड़ा एक्शन लिया है। अस्पताल में ऑपरेशन के बाद प्रसूता की मौत और फर्जी चिकित्सक से इलाज कराने जाने के आरोपों को संज्ञान लेते हुए डीएम ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई है। कमेटी को स्थलीय और अभिलेखीय जांच कर दो कार्यदिवस में स्पष्ट आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच में प्रसव और उपचार से जुड़े सभी अभिलेखों के साथ अस्पताल में कार्यरत चिकित्सकों के रिकॉर्ड भी खंगाले जाएंगे। डीएम के आदेश के अनुसार जांच कमेटी में एसडीएम सदर डॉ जनार्दन, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी इमरान अली और सीएचसी सिधौली की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अमिता त्रिपाठी को शामिल किया गया है। कमेटी प्रसूता की मौत से संबंधित सभी चिकित्सा अभिलेखों की जांच करेगी। यदि मामले से जुड़े अन्य तथ्य सामने आते हैं, तो उनका भी अभिलेखीय साक्ष्यों के आधार पर परीक्षण किया जाएगा। खून की कमी के बावजूद ऑपरेशन का आरोप मालूम हो कि रामकोट थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 किनारे स्थित जीवन हॉस्पिटल में मंगलवार सुबह करीब नौ बजे प्रसव के बाद 35 वर्षीय राखी शर्मा की मौत हो गई थी। मैगलगंज निवासी राखी को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शादी के दो साल बाद उसने पहले बच्चे को जन्म दिया था। मृतका के पति रिंकू शर्मा ने आरोप लगाया था कि राखी के शरीर में खून की कमी होने के बावजूद चिकित्सकों ने ऑपरेशन किया। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों का आरोप है कि हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ ले जाया जा रहा था, लेकिन निजी अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की थी। अब डीएम के निर्देश पर गठित कमेटी उपचार में लापरवाही और अस्पताल में तैनात चिकित्सकों से जुड़े तथ्यों की जांच करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)