SP ग्रामीण ने आधी रात थानों का औचक निरीक्षण किया:सहारनपुर में पुलिस की ड्यूटी जांची, मिशन शक्ति केंद्रों का जायजा लिया
सहारनपुर जिले में कानून-व्यवस्था और पुलिस की मुस्तैदी परखने के लिए एसपी ग्रामीण मयंक पाठक ने मंगलवार देर रात 12 बजे सरसावा और नकुड़ थाने का औचक निरीक्षण किया। अचानक थानों में पहुंचे एसपी ग्रामीण ने रात्रि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी जांची। साथ ही मिशन शक्ति केंद्रों का निरीक्षण कर महिला सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों के इस औचक निरीक्षण से पुलिस महकमे में हलचल रही। एसपी ग्रामीण ने दोनों थानों में पहुंचकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की स्थिति देखी। उन्होंने यह जांचा कि रात के समय पुलिसकर्मी कितनी सतर्कता से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को साफ निर्देश दिए गए कि रात्रिकालीन गश्त में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। औचक निरीक्षण के दौरान एसपी ग्रामीण ने दोनों थानों में मिशन शक्ति केंद्रों को भी चेक किया। यहां महिला सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि महिलाओं और बालिकाओं से संबंधित शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जाए। पीड़ित महिलाओं को थाने में जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें अपनी समस्या लेकर भटकना न पड़े। पुलिस अधिकारियों को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों के मुताबिक काम करने और महिलाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। एसपी ग्रामीण ने स्पष्ट किया कि पुलिस की ड्यूटी केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सतर्कता और गश्त के जरिए अपराध रोकना भी है। मयंक पाठक ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत रखने, महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने और पुलिस की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के लिए इस तरह के निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)