केशव बोले- राहुल की रैली राजनीतिक नौटंकी:रामगोपाल का आरोप- विधानसभावार सपा के 10-हजार वोट काटने का लक्ष्य, एमएलसी नतीजे पर कांग्रेस की चुटकी
एसआईआर और वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ी से लेकर एमएलसी चुनाव के नतीजों ने कांग्रेस–सपा को भाजपा पर हमलावर होने का मौका दे दिया है। शुक्रवार को सपा महासचिव रामगोपाल यादव बड़ा आरोप लगाया कि यूपी में अब वे अधिकारी ही एसडीएम पोस्ट किए जा रहे हैं जो अपना आईडी पासवर्ड बीजेपी द्वारा डिप्यूटेड किसी कार्यकर्ता को दे देते हैं। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने एमएलसी चुनाव नतीजे को भाजपा सरकार के खिलाफ जनादेश बताया। सपा–कांग्रेस के आरोप–प्रत्यारोपों का सबसे तीखा जवाब यूपी सरकार में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दिया। उन्होंने दिल्ली में 1 नवंबर को राहुल गांधी की रैली पर तंज कसते हुए कहा–’आजादी दिलाने का अहंकार पालने वाली सबसे बूढ़ी कांग्रेस के नेता बेहतर तरीक़े से जानते हैं कि संवैधानिक महाभियोग संसद में लाया जाता है, सड़क पर हर्गिज नहीं।’ रामगोपाल यादव बोले हर विधानसभा में सपा के 10 हजार वोट काटने का लक्ष्य समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट के माध्यम से आरोप लगाया कि प्रदेश में मतदाता सूची में हेराफेरी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं को कुछ अधिकारियों की आईडी-पासवर्ड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इनके जरिए सपा समर्थकों के वोट काटने और भाजपा समर्थकों के नाम जुड़वाने का काम हो रहा है। रामगोपाल ने आरोप लगाया कि हर विधानसभा क्षेत्र में करीब 10 हजार सपा समर्थकों के वोट काटने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से मामले की जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। एमएलसी नतीजे पर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष ने ली भाजपा की चुटकी इधर, कांग्रेस ने हाल ही में हुए विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव परिणामों को भाजपा के खिलाफ जनादेश बताया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' ने कहा कि भाजपा को अपनी राज्य कार्यसमिति की बैठक में इन नतीजों की भी समीक्षा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा वाराणसी की दो सीटों के अलावा लखनऊ, आगरा और मथुरा में भी चुनाव हार गई है। उनके मुताबिक, ये नतीजे बताते हैं कि 2027 में INDIA गठबंधन की सरकार बनेगी। राहुल गांधी की जेबी कांग्रेस एंड कंपनी दिल्ली में कर रही नौटंकी : केशव यूपी सरकार में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा सपा–कांग्रेस को एक साथ आड़े हाथों लिया। 1 नवंबर को दिल्ली में कांग्रेस की ओर से आयोजित रैली को लेकर कहा कि राहुल गांधी की जेबी कांग्रेस एंड कंपनी दिल्ली में नौटंकी कर रही है। दिल्ली में उनके अपने खड़ाऊ अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर तथाकथित ‘जन महाभियोग’ बैठक खुद में एक गंभीर सवाल है। आजादी दिलाने का अहंकार पालने वाली सबसे बूढ़ी कांग्रेस के नेता बेहतर तरीक़े से जानते हैं कि संवैधानिक महाभियोग संसद में लाया जाता है, सड़क पर हर्गिज नहीं। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अपने खुद के धतकर्मो की शिकार कांग्रेस आज भी राजनीतिक नौटंकी से बाज आने को तैयार नहीं है। दिल्ली के व्यापारियों का कारोबार ठप करके नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को एक बार फिर लॉन्च करने का नकली प्रयास हो रहा है। जनहित के नाम पर राजनीतिक तमाशे का औचित्य आखिर जनता की समझ से दूर है, लेकिन कांग्रेस अपना नगाड़ा बजाने को तैयार है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)