इटावा में हाईवे किनारे मिला युवक का शव:परिजनों ने शराब के नशे में गिरने की आशंका जताई, 24 घंटे से था लापता
इटावा के बकेवर थाना क्षेत्र में आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर सुनवरसा के पास गुरुवार देर रात करीब एक बजे 31 साल के युवक का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त करते हुए परिजनों को घटना की जानकारी दी। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक गुरुवार सुबह मजदूरी करने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा था। मृतक की पहचान बकेवर थाना क्षेत्र के ही 31 साल के राहुल गौतम पुत्र राजेंद्र बाबू के रूप में हुई है। वह मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के मुताबिक, राहुल रोज की तरह गुरुवार सुबह काम पर गया था। देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों और परिचितों से भी जानकारी जुटाई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। देर रात परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया तो उन्हें हाईवे किनारे एक युवक का शव मिलने की जानकारी दी गई। इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और शव की पहचान राहुल के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में दुख का माहौल छा गया। राहुल के छोटे भाई मनीष गौतम ने बताया कि उनके तीन भाई हैं और राहुल सबसे बड़े थे। वह रोजाना मजदूरी करने जाते थे। मनीष के मुताबिक, राहुल को शराब पीने की आदत थी। उन्हें आशंका है कि शराब के नशे में वह जमीन पर गिर गए होंगे, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगी और उनकी मौत हो गई। हालांकि, परिवार को घटना के वास्तविक कारणों की जानकारी नहीं है। बकेवर थाना पुलिस के अनुसार, हाईवे किनारे शव पड़े होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शिनाख्त कराने के बाद परिजनों को सूचना दी गई और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि युवक के शराब पीने का आदी होने की जानकारी मिली है। प्रथम दृष्टया अधिक शराब के सेवन के बाद गिरने से चोट लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)