सिंचाई संघ ने 12 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा:बागपत में डीएम के जरिए मुख्यमंत्री, जलशक्ति मंत्री और मुख्य सचिव को भेजा ज्ञापन
बागपत। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग में कार्यरत सींचपाल, सींच पर्यवेक्षक और नलकूप चालकों की लंबित समस्याओं को लेकर सिंचाई संघ उत्तर प्रदेश ने आवाज बुलंद की है। शुक्रवार को सिंचाई संघ के बागपत जिलाध्यक्ष सतीश कुमार के नेतृत्व में कर्मचारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री, जलशक्ति मंत्री और मुख्य सचिव के नाम 12 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेजा गया है।
संघ पदाधिकारियों का कहना है कि विभाग में कार्यरत कर्मचारियों की कई समस्याएं दशकों से लंबित हैं। सींचपाल और नलकूप चालकों की सेवा नियमावली करीब 70 वर्ष पुरानी है, जिसमें अब तक आवश्यक संशोधन नहीं किए गए हैं। इसके चलते कर्मचारियों को पदोन्नति और वेतन संबंधी विसंगतियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में नलकूप चालकों के स्वीकृत पदों के सापेक्ष रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती करने और नए पद सृजित करने की मांग की गई है। संघ ने पांच वर्ष की संतोषजनक सेवा पूरी कर चुके नलकूप चालकों को 2400 रुपये ग्रेड पे देने, सींचपाल और नलकूप चालकों के वेतनमान में समानता लाने तथा अतिरिक्त कार्यभार से मुक्त करने की मांग उठाई है।
इसके अलावा कर्मचारियों को मोटरसाइकिल भत्ता देने, पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाने, लंबित ज्येष्ठता परीक्षाओं का परिणाम घोषित करने और सींच पर्यवेक्षकों को शत-प्रतिशत पदोन्नति का लाभ देने की मांग की गई है।
संघ ने कर्मचारियों को ई-ऑफिस व्यवस्था से मुक्त रखने, डिजिटल कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने, पुरानी पेंशन सहित सेवानिवृत्ति लाभ देने और गृह जनपद में स्थानांतरण की सुविधा देने की मांग भी रखी है।संघ पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का लंबे समय से समाधान नहीं हुआ है। ऐसे में 12 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन देकर शासन से न्यायपूर्ण कार्रवाई की मांग की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)