सोने के गहनों में रेनियम पाउडर मिलाने की शिकायतें:एसो. ने ग्राहकों और सर्राफा कारोबारियों को सतर्क किया

Nov 23, 2026 - 13:30
0
सोने के गहनों में रेनियम पाउडर मिलाने की शिकायतें:एसो. ने ग्राहकों और सर्राफा कारोबारियों को सतर्क किया
इटावा में सोने के आभूषणों में रेनियम पाउडर की मिलावट कर कम मेकिंग चार्ज के नाम पर बेचने की शिकायतों को लेकर सर्राफा कारोबारियों ने चिंता जताई है। सोमवार दोपहर 12 बजे इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (इब्जा) इटावा की कार्यसमिति की बैठक एक होटल में हुई। अध्यक्ष नवीन अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस तरह के आभूषणों से ग्राहकों और व्यापारियों को होने वाले संभावित नुकसान पर चर्चा की गई। बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि कुछ जगहों पर कम मेकिंग चार्ज का लालच देकर सोने के आभूषणों में रेनियम पाउडर जैसी सामग्री की कथित मिलावट किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। ग्राहक कम मेकिंग चार्ज देखकर आभूषण खरीद लेते हैं, लेकिन बाद में उसकी शुद्धता, गुणवत्ता और एक्सचेंज कराने के दौरान परेशानी हो सकती है। खरीदारी में सावधानी जरूरी इब्जा के सचिव राजीव चन्देल ने ग्राहकों से अपील की कि वे केवल कम मेकिंग चार्ज देखकर सोने के आभूषण न खरीदें। खरीदारी के समय हॉलमार्क, एचयूआईडी, पक्का बिल और शुद्धता से जुड़ी जानकारी जरूर जांचें। उन्होंने कहा कि बहुत कम मेकिंग चार्ज का दावा करने वाले प्रतिष्ठानों से खरीदारी करते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि कुछ चिह्नित प्रतिष्ठानों से खरीदे गए आभूषणों को दूसरे ज्वैलर्स के यहां केवल हॉलमार्क और एचयूआईडी देखकर एक्सचेंज नहीं किया जाएगा। ऐसे आभूषणों की गुणवत्ता और शुद्धता की जांच के बाद ही उन्हें लेकर फैसला किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिना जांच ऐसे आभूषण खरीदने से व्यापारियों को भी आर्थिक नुकसान होने की सूचनाएं मिली हैं। व्यापारियों को भी चेताया इब्जा इमरजेंसी कमेटी के प्रदेश सह प्रभारी आकाशदीप जैन ने कहा कि कुछ ज्वैलर्स द्वारा कम मेकिंग चार्ज और पक्के बिल की आड़ में ग्राहकों को गुमराह किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि रेनियम पाउडर की कथित मिलावट के मामले में ग्राहकों के साथ सर्राफा कारोबारियों को भी सतर्क रहने की जरूरत है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User