कम डीजल एवरेज पर एआरएम ने चालकों को गालियां दीं:महोबा में पांच चालकों को लखनऊ रूट से हटाने के निर्देश
महोबा के उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) डिपो में तैनात सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) कमल किशोर आर्य का कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एआरएम मातहत कर्मचारियों को भद्दी गालियां देते सुनाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि बसों का डीजल एवरेज कम आने से नाराज होकर उन्होंने यह व्यवहार किया। वीडियो सामने आने के बाद रोडवेज विभाग में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। जानकारी के मुताबिक मामला महोबा रोडवेज डिपो का है। जानकारी के मुताबिक, एआरएम कमल किशोर आर्य डिपो के निरीक्षण के दौरान लंबी दूरी के लखनऊ रूट पर चलने वाली बसों के डीजल एवरेज की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान बसों का एवरेज कम मिलने पर वे नाराज हो गए। उन्होंने ड्यूटी लगाने वाले कर्मचारी को निर्देश दिए कि कम एवरेज देने वाले चालकों को लखनऊ रूट की बसें न दी जाएं। पांच चालकों को रूट से हटाने के निर्देश वायरल वीडियो में एआरएम कर्मचारियों से अभद्र भाषा में बात करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने चालक आमिर अली, जगतवीर साहू, फरीद अहमद, शिववरन और महबूब खां को लंबी दूरी की बसें नहीं देने के निर्देश दिए। उनकी जगह बेहतर डीजल एवरेज देने वाले चालकों को तैनात करने की बात कही। कर्मचारी ने बनाया वीडियो बताया जा रहा है कि निरीक्षण के दौरान मौजूद किसी कर्मचारी ने एआरएम की बातचीत का वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद सरकारी अधिकारी के कर्मचारियों के प्रति व्यवहार को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इस मामले में अभी तक एआरएम या रोडवेज के उच्चाधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वीडियो की सत्यता और पूरे मामले में विभागीय स्तर पर क्या कार्रवाई होगी, इस पर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)