घरों में काम मांगने के बहाने करती थीं चोरी:बदायूं में तीन महिलाएं और किशोरी गिरफ्तार
बदायूं में गरीब होने और बच्चों के लिए रोटी का इंतजाम करने की दुहाई देकर घरों में काम मांगने पहुंचीं महिलाएं शातिर चोर निकलीं। बदायूं में इस गिरोह का गुरुवार दोपहर दो बजे पुलिस ने खुलासा किया है। पकड़ी गई महिलाओं ने गृहस्वामिनी को बातचीत में उलझाकर अलमारी से लाखों के जेवर और नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने मामले में अलीगढ़ की तीन महिलाओं और हाथरस की एक 16 वर्षीय किशोरी को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 1.88 लाख रुपये नकद, सोने की एक चेन और नग लगी तीन अंगूठियां बरामद की गई हैं। वारदात 14 अक्टूबर को सिविल लाइंस क्षेत्र के कृष्णा पार्क में हुई थी। दोनों ने गरीबी का हवाला देकर काम मांगा पेट्रोल पंप मालिक दीपक गुप्ता के घर दो महिलाएं पहुंचीं और उनकी पत्नी से घरेलू काम मांगा। दोनों ने गरीबी का हवाला देकर काम देने की गुजारिश की। अगले दिन दोनों तय समय पर फिर घर पहुंच गईं। एक महिला सफाई करने लगी, जबकि दूसरी ने दीपक की पत्नी को बातचीत में उलझाए रखा। इसी दौरान सफाई करने वाली महिला ने अलमारी से जेवर और नकदी चोरी कर ली। दोनों के जाने के बाद अलमारी देखी तो चोरी का पता चला। अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश की गई। गुरुवार को पुलिस टीम ने शेखूपुर रेलवे स्टेशन से तीन महिलाओं और एक किशोरी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ी गई महिलाओं की पहचान सोनम (27), पूजा (25) और रेनू (35) के रूप में हुई है। तीनों अलीगढ़ के बन्नादेवी थाना क्षेत्र के बापूधाम सरसौल की रहने वाली हैं। इनके साथ पकड़ी गई 16 वर्षीय किशोरी खुशी हाथरस के कोतवाली क्षेत्र की लेबर कॉलोनी के पास की रहने वाली है। एसपी सिटी अभिषेक सिंह ने बताया कि सभी को कोर्ट में पेश करके विधिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)