कोलकाता में नाबालिग की आंखों पर पट्टी बांधकर पेट्रोल डाला:आरोप- रील बनाने के लिए आग लगाई, 3 गिरफ्तार

Nov 06, 2026 - 18:31
0
कोलकाता में नाबालिग की आंखों पर पट्टी बांधकर पेट्रोल डाला:आरोप- रील बनाने के लिए आग लगाई, 3 गिरफ्तार
दक्षिण कोलकाता में एक किशोर को आंखों पर पट्टी बांधकर पेट्रोल डाला गया। इसके बाद उसे आग लगा दी गई। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिगों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना 27 अक्टूबर की है। आरोपियों ने हमले का वीडियो बनाया था। शक है कि वे इसे सोशल मीडिया रील के लिए रिकॉर्ड कर रहे थे। आरोपियों को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। किशोर की हालत स्थिर है। उसके सीने और पेट पर जलने की चोटें आई हैं। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। किशोर के परिवार ने हमले की वजह आर्थिक विवाद बताई है। परिवार का कहना है कि किशोर ने करीब छह महीने पहले आरोपी से लिए 500 रुपए लौटा दिए थे। पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि किशोर घर लौट रहा था। आरोपियों ने उसे रास्ते में रोका और लेनिन नगर में एक तालाब के पास ले गए। आरोपियों ने उसकी आंखों पर पट्टी बांधी और सिर पर हेलमेट पहना दिया। जब किशोर ने इसका विरोध किया और हेलमेट हटाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसे पेट्रोल पिलाने की कोशिश की। वीडियो में दिखी पूरी घटना सोशल मीडिया पर घटना का कथित वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक आरोपी स्कूटर के स्टोरेज कंपार्टमेंट से पेट्रोल की बोतल निकालता दिख रहा है। वह आंखों पर पट्टी बांधे किशोर पर पेट्रोल डालता है। वीडियो में किशोर के सिर पर हेलमेट भी नजर आ रहा है। एक अन्य व्यक्ति दूसरे आरोपी की ओर माचिस की डिब्बी फेंकता दिखता है। आरोपी माचिस की तीली जलाकर किशोर पर फेंक देता है। इससे किशोर आग की लपटों में घिर जाता है। वीडियो में किशोर चीखते हुए भागता दिख रहा है। इस दौरान आग की लपटें उसके शरीर को घेर लेती हैं। स्थानीय लोग दौड़कर उसे बचाने पहुंचते हैं। पुलिस जांच में जुटी पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपियों ने हमले को सोशल मीडिया रील के लिए रिकॉर्ड किया होगा। हालांकि, पुलिस हमले के पीछे अन्य संभावित वजहों की भी जांच कर रही है। किशोर के परिवार ने दोहराया कि घटना आर्थिक विवाद के कारण हुई। परिवार के मुताबिक, किशोर ने आरोपी से लिए 500 रुपए करीब छह महीने पहले लौटा दिए थे। गार्फा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारी ने कहा, “हम वीडियो की जांच कर रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना का क्रम और हमले की वजह पता चल सके।” ---------------------------- ये खबर भी पढ़ें… रील बनाने के चक्कर में ओडिशा में 2 मौतें: बौध में ट्रेन से टकराया लड़का; पुरी में सांप पकड़ने वाले को कोबरा ने कई बार डसा ओडिशा में सोशल मीडिया रील बनाने के दौरान 24 घंटे में दो लोगों की मौत हो गई। इनमें एक लड़का और एक सांप पकड़ने वाला शामिल है। बौध जिले में शुक्रवार शाम रेलवे ट्रैक के पास रील बना रहा लड़का ट्रेन की चपेट में आ गया। वहीं, पुरी जिले में कोबरा के साथ रील शूट करते समय 28 साल के तपन कुमार प्रधान को सांप ने कई बार डस लिया। पुलिस के मुताबिक, लड़का खोरधा-बोलांगीर रेलवे लाइन पर रील बना रहा था। प्रधान को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया। बाद में पुरी के जिला मुख्यालय अस्पताल में उनकी मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर…

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User