क्राइम मीटिंग में 7 इंस्पेक्टर, 2-ACP की परफॉर्मेंस फेल मिली:यक्ष एप में डाटा फीडिंग करने में साउथ जोन फिसड्डी, सेंट्रल जोन की तारीफ हुई
कमिश्नरेट के सभागार में शुक्रवार को हुई क्राइम मीटिंग का पारा काफी चढ़ा हुआ था। एक के बाद एक सात थानेदारों और 2 एसीपी की परफार्मेंस फेल मिलने पर पुलिस कमिश्नर ने उन्हें जमकर फटकारा। थानेदारों के कामकाज में सुधार और कार्य क्षमता बढ़ाने के निर्देश के साथ ही चेतावनी भी दी गई। क्राइम मीटिंग में बिल्हौर और कल्याणपुर के एसीपी भी पुलिस कमिश्नर के रडार पर रहे। दीपावली के बाद समीक्षा की गाज अधिकारियों पर गिर सकती है। इसके साथ ही आगामी दीपावली के त्योहार और चुनाव को देखते हुए सभी को कमर कसने को कहा गया। डीजीपी की समीक्षा में फेल थानेदारों को चेतावनी मिली कमिश्नरेट सभागार में दोपहर तीन बजे क्राइम मीटिंग शुरू हुई। सबसे पहले डीजीपी की समीक्षा में फेल 10 थानेदारों के कामकाज की पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने समीक्षा की। सप्ताह भर पहले इन्हें चेतावनी दी गई थी। इसके बाद जोनवार समीक्षा हुई तो साउथ जोन फिसड्डी निकला। साउथ जोन में अपराधियों का यक्ष एप पर डाटा फीडिंग का प्रतिशत, उनकी निगरानी, वेरीफिकेशन काफी कम मिला। सेंट्रल जोन के कामकाज की अधिकारियों ने तारीफ की। इसके बाद थानेदारों का नंबर आया, जिसमें साढ़, बर्रा, बिल्हौर, सचेंडी, गुजैनी, कल्याणपुर, चौबेपुर और चकेरी का परफार्मेंस ठीक नहीं मिला। गोविंद नगर इंस्पेक्टर से बोले कमिश्नर- जनसुनवाई का स्तर घटिया कल्याणपुर में कोर्ट के सबसे ज्यादा केस पेंडिंग मिले। गोविंद नगर के थानेदार अशोक दुबे से पुलिस कमिश्नर ने कहा, सिर्फ गुरुवार को तुम्हारे थानाक्षेत्र से 6 शिकायतें आयीं। थाने में जनसुनवाई का स्तर काफी घटिया है। पुलिस कमिश्नर ने गोविंद नगर इंस्पेक्टर को सुधरने की चेतावनी दी। बीते दिनों सोलर कंपनी के कामकाज के दौरान कंपनी के प्रतिनिधि को किदवई नगर पुलिस ने हड़काया था और बिना कारण उसी के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई कर दी, जिस पर किदवई नगर के थाना प्रभारी विजय सिंह को डॉ. विपिन ताडा ने फटकार लगाई। बिल्हौर एसीपी अंकित कुमार को यक्ष एप पर सूचनाएं अपडेट न करने और कल्याणपुर एसीपी दिलीप सिंह को जनशिकायतों पर ध्यान न देने के लिए फटकारा गया। हाईकोर्ट को नोटिस मिला तो छीन जाएगा थाना बीते दिनों हाईकोर्ट से पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल को कई बार व्यक्तिगत रूप से तलब किया जा चुका है। इसे लेकर एडिशनल पुलिस कमिश्नर अपराध एवं मुख्यालय संकल्प शर्मा ने थानेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए। मुकदमों में हाईकोर्ट से जवाब मांगा जाए तो उसे समय पर और उचित जवाब बनाकर दें। आगे से पुलिस कमिश्नर को नोटिस मिला तो थानेदारी जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)