3 दोस्तों की बाइक डिवाइडर से टकराई, 2 की मौत:प्रयागराज में एक ने मौके पर, दूसरे ने शाम को तोड़ा दम
प्रयागराज के कीडगंज के बांगड़ चौराहे के पास बृहस्पतिवार रात तेज रफ्तार बाइक हादसे में दो दोस्तों की जान चली गई। बाइक पर सवार दोनों अपने एक अन्य साथी संग नैनी जा रहे थे। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रतापगढ़ के रहने वाले मृतकों की पहचान प्रतापगढ़ के भूपियामऊ निवासी अनुपम शर्मा (32) और नवाबगंज के नवगवां का पुरा निवासी अंकित शुक्ला (30) के रूप में हुई। दोनों एक निजी फार्मा कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। घायल रवि ओझा अंकित का ममेरा भाई है। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। तीनों छिटककर दूर जा गिरे बृहस्पतिवार रात करीब 9:30 बजे अनुपम, अंकित और रवि एक ही बाइक से नैनी जा रहे थे। बांगड़ चौराहे के पास पहुंचते ही उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अनुपम और अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए। रवि को भी चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। तीनों को पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से गंभीर हालत में अंकित और अनुपम को स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। कीडगंज थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि हादसे की वजह स्पष्ट करने के लिए सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है। जांच के बाद ही दुर्घटना के सही कारणों का पता चल सकेगा। घर के लाडले थे अनुपम, परिवार में मचा कोहराम हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अनुपम के माता-पिता कई वर्षों से नैनी में रहते हैं। उसके पिता सत्येंद्र शर्मा रेलवे में टीटीई के पद से सेवानिवृत्त हैं। अनुपम दो भाइयों में बड़ा था। चचेरे भाई सूरज शर्मा ने बताया कि वह घर में सबका लाडला था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)