कृष्णनंदन बोले-गोवर्धन पूजा से श्रीकृष्ण ने तोड़ा इंद्र का अहंकार:चित्रकूट में श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन प्रकृति संरक्षण का दिया संदेश
चित्रकूट जिला मुख्यालय के कछार पुरवा में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन कृष्णनंदन महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, माखन चोरी और गोवर्धन पूजा का प्रसंग सुनाया। कथा सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। महाराज ने कहा कि श्रीकृष्ण की हर लीला जीवन को प्रेम, वात्सल्य, भक्ति और सदाचार की सीख देती है। गोवर्धन लीला से मिला अहंकार त्यागने का संदेश गोवर्धन पूजा का प्रसंग सुनाते हुए महाराज ने कहा कि गोवर्धन पर्वत उठाकर भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र का अहंकार तोड़ा था। इस लीला से सीख मिलती है कि शक्ति, धन और पद का कभी अभिमान नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रकृति जीवनदायिनी है। पर्वत, नदियों, वृक्षों और गौ माता का संरक्षण हर व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। दया और सेवा भी सच्ची भक्ति का हिस्सा महाराज ने कहा कि सच्ची भक्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है। जीवों के प्रति दया, प्रकृति से प्रेम और जरूरतमंदों की सेवा भी भक्ति का ही स्वरूप है। समाज के लोगों को श्रीकृष्ण के आदर्श अपनाने चाहिए। माता-पिता का सम्मान, बड़ों की सेवा, बच्चों को अच्छे संस्कार देना और आपसी प्रेम-भाईचारा बनाए रखना ही धर्म का वास्तविक रूप है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अहंकार, ईर्ष्या और द्वेष छोड़कर सत्य, सदाचार और परोपकार के मार्ग पर चलने तथा भगवान का स्मरण करने की अपील की। कहा कि इन आदर्शों को अपनाने से व्यक्ति और समाज में सुख, शांति और सद्भाव बना रहेगा। इस दौरान कार्यक्रम में मुख्य यजमान राधेरमण पयासी, क्षेमवती, रामसूरत पयासी, सावित्री देवी, अनूप पयासी, चित्रकूट प्रेस क्लब अध्यक्ष सत्यप्रकाश द्विवेदी, निरंजन मिश्र, सुनील कुमार पयासी, लवकुश कुमार पयासी, देवेंद्र कुमार पांडेय, जावित्री और सतरूपा मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)