ललितपुर में फंदे से लटका मिला किसान का शव:परिजनों ने एक घंटे तक हंगामा किया; एक महिला सहित पांच पर आरोप
ललितपुर में एक किसान का शव खेत में आम के पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में शव को पेड़ से नीचे उतरवाया गया। सोमवार शाम करीब 6 बजे परिजनों ने पुलिसकर्मी पर मृतक की जेब से पर्चा निकालकर फाड़ने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी, बैरियर चौकी प्रभारी विवेक धामा, मंडी चौकी प्रभारी ललित उज्ज्वल और सदर चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। करीब 1 घंटे तक हंगामा चलता रहा। इसके बाद पुलिस अधिकारियों के निष्पक्ष जांच का आश्वासन देने पर परिजन शांत हुए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामला कोतवाली सदर क्षेत्र के मसोरा खुर्द गांव का है। दो दिन से चल रहा था दोनों पक्षों में विवाद दरअसल, श्रीराम पिता हलक सिंह का रविवार को गांव के कुछ लोगों से विवाद हुआ था। इसके बाद उसने मसोरा बैरियर चौकी में शिकायत की थी। जांच के लिए पुलिस गांव पहुंची, लेकिन श्रीराम मौके पर नहीं मिला। इसके बाद पुलिस लौट गई। सोमवार को दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हुआ। दूसरे पक्ष ने भी बैरियर चौकी पुलिस से शिकायत की। पुलिस टीम गांव पहुंची तो श्रीराम घर से चला गया। शाम को खेत में काम कर रहे उसके भाई ने श्रीराम का शव आम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका देखा। पुलिसकर्मी पर पर्चा फाड़ने का आरोप, नेम प्लेट भी हटाई परिजनों का आरोप है कि घटनास्थल पर पहुंचे एक पुलिसकर्मी ने श्रीराम की जेब से पर्चा निकाला और उसे फाड़ दिया। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने अपनी नेम प्लेट भी जेब में रख ली और वहां से चला गया। इसको लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक मौके पर विवाद होता रहा। एक महिला समेत पांच लोगों के खिलाफ शिकायत परिजनों ने मौत के लिए जिम्मेदार बताते हुए एक महिला समेत पांच लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। श्रीराम दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। उसके तीन बेटियां और एक बेटा हैं। वह खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। CO सिटी अजय कुमार ने बताया- शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)