करवा देने जाते समय बाप-बेटी की मौत:गोंडा में दोनों की पहचान हुई, 3 साल की बच्ची रेफर

Oct 30, 2026 - 15:06
0
करवा देने जाते समय बाप-बेटी की मौत:गोंडा में दोनों की पहचान हुई, 3 साल की बच्ची रेफर
गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डेहरास-बेलसर मार्ग पर सरदार पुरवा गांव के पास कल गुरुवार शाम 4.30 हुए भीषण सड़क हादसे में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दोनों मृतकों की शिनाख्त कर ली है। मृतकों की पहचान उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के पकवान गांव मरीपुरवा निवासी रमेश वर्मा(35) और उनकी पुत्री(11) पिंकी के रूप में हुई है। पहचान के बाद परसपुर थाने की पुलिस द्वारा आज शुक्रवार दोपहर 2:00 बजे दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। ​हादसे में रमेश की तीन वर्षीय मासूम बेटी अनन्या गंभीर रूप से घायल हो गई थी। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां से हालत गंभीर होने पर आज शुक्रवार सुबह 10:00 बजे उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, रमेश वर्मा उर्फ भोदे अपनी दोनों बेटियों पिंकी और अनन्या के साथ बाइक से 'करवा' देने जा रहे थे। इसी दौरान डेहरास-बेलसर मार्ग पर तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और उन्हें रौंदता हुआ निकल गया। हादसे में रमेश और पिंकी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। ​हादसे के बाद मृतकों की पहचान तत्काल नहीं हो सकी थी। परसपुर थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि सोशल मीडिया की मदद से 24 घंटे के भीतर मृतकों और घायल बच्ची की पहचान सुनिश्चित की गई। परिजनों की तहरीर के आधार पर डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पहचान स्पष्ट होने के बाद शुक्रवार दोपहर दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User