कुएं में मिले सिर कटे शव की पहचान नहीं:शाहजहांपुर में बैग में मिले आधार कार्ड पर विनोद नाम, परिवार ने किया इनकार
शाहजहांपुर में कुएं में मिले सिर कटे शव की पहचान नहीं हो सकी है। शव के पास मिले बैग में आधार कार्ड मिला है, जिस पर कलान थाना क्षेत्र के सियूड़ी गांव के विनोद का नाम दर्ज है। हालांकि, परिवार ने शव को पहचानने से इनकार कर दिया। अब पुलिस विनोद के परिवार का DNA परीक्षण कराने की तैयारी कर रही है। मंगलवार रात तक पुलिस शव का सिर तलाशती रही, लेकिन उसका पता नहीं चला। परिवार ने कपड़ों और सामान से भी नहीं पहचाना मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे कुएं में सिर कटा शव मिलने के बाद पुलिस ने उसके पास मिले बैग की जांच की थी। बैग में आधार कार्ड मिला, जिस पर विनोद का नाम लिखा था। इसके बाद पुलिस ने विनोद के परिवार को शव की पहचान के लिए बुलाया। परिवार ने शव और बैग में मिले कपड़ों व अन्य सामान को देखकर भी उसकी पहचान स्पष्ट रूप से नहीं की। ग्रामीणों ने भी शव को विनोद का मानने से इनकार कर दिया। पुलिस के मुताबिक, शव की उम्र करीब 30 साल है, जबकि आधार कार्ड में दर्ज विनोद की उम्र करीब 45 से 50 साल है। उम्र में अंतर होने के कारण भी पहचान की पुष्टि नहीं हो सकी है। आधार कार्ड पर दर्ज विनोद के खिलाफ कई मामले पुलिस के मुताबिक, आधार कार्ड पर दर्ज विनोद के खिलाफ कई मुकदमे हैं। वह कुछ मामलों में फरार है और उसके खिलाफ वारंट भी जारी हुए हैं। पुलिस अब परिवार के DNA परीक्षण के जरिए शव की पहचान की पुष्टि करने का प्रयास करेगी। कुएं के बाहर मिले खून के निशान जिस कुएं में शव मिला, उसके बाहर करीब दो मीटर तक खून के निशान पाए गए हैं। कुएं के पक्के किनारों पर भी खून लगा हुआ था। कुआं सूखा है और करीब 15 फीट गहरा है। इन परिस्थितियों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद शव को कुएं में फेंका गया। ग्रामीणों को शक है कि पहचान छिपाने के लिए हत्या के बाद शव का सिर काटकर कहीं और फेंक दिया गया। घटनास्थल से कुछ दूरी पर अरिल नदी बहती है। आशंका है कि सिर नदी में फेंका गया हो। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। रात 12 बजे तक सिर की तलाश करती रही पुलिस पुलिस मंगलवार रात करीब 12 बजे तक शव का सिर तलाशती रही, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। एसपी ग्रामीण दीक्षा भवरे ने बताया कि सिर की तलाश की जा रही है। विनोद के परिवार ने शव की पहचान स्पष्ट रूप से करने से इनकार किया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)