लखनऊ के बाजारों में धनतेरस पर जमकर खरीदारी:पत्रकारपुरम और गोमती नगर में जुटे लोग; दीये, मूर्तियां, बर्तन और ज्वेलरी खरीदी
लखनऊ में धनतेरस पर शुक्रवार को शहर के बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पत्रकारपुरम चौराहा और गोमती नगर के विशालखंड में सुबह से ही रौनक रही। महिलाओं की संख्या सबसे अधिक नजर आई। लोगों ने दीये, गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां, झालर, मोमबत्तियां, ज्वेलरी, सजावट और पूजा से जुड़े सामान खरीदे। शुभ मुहूर्त में खरीदारी के साथ लोगों ने दीपावली की तैयारियों को भी अंतिम रूप दिया। गोमती नगर निवासी साक्षी त्रिपाठी परिवार के साथ खरीदारी करने पहुंचीं। उन्होंने बताया कि धनतेरस और दीपावली उनके पसंदीदा त्योहार हैं। इस मौके पर उन्होंने अपने लिए कपड़े खरीदे और सैंडल देख रही हैं। साथ ही गणेश जी की मूर्ति और पूजा से जुड़ी सामग्री भी खरीदी। धनतेरस पर झाड़ू खरीदने की परंपरा गोमती नगर के विशालखंड में खरीदारी करने पहुंचीं आंचल ने धनतेरस पर शुभ मानी जाने वाली झाड़ू खरीदी। वह अपनी बहन के साथ बाजार आई थीं। उन्होंने बताया कि भारतीय संस्कृति में धनतेरस पर झाड़ू खरीदने की परंपरा है। पत्रकारपुरम बाजार पहुंचीं मानसी ने अपने लिए नई स्कूटी खरीदी। इसके साथ ही दीये, झालर, मोमबत्तियां और झाड़ू भी खरीदी। उन्होंने बताया कि पत्रकारपुरम उनके घर के सबसे नजदीक का बाजार है। यहां खरीदारी के साथ नई चीजें देखने और बाजार घूमने भी आई हैं। उन्होंने लोगों से पत्रकारपुरम बाजार पहुंचकर खरीदारी करने और त्योहार का आनंद लेने की अपील की। नए बर्तनों की खरीदारी में स्वास्थ्य का ध्यान पत्रकारपुरम स्थित बालाजी किचन सेंटर के दुकानदार अनुराग शुक्ला ने बताया कि इस बार ग्राहक स्वास्थ्य को लेकर ज्यादा जागरूक हैं। स्टेनलेस स्टील, ट्राई-प्लाई स्टील और पारंपरिक बर्तनों की मांग बढ़ी है। लोग पूजा सामग्री के साथ किचन को भी बेहतर बनाने के लिए नए बर्तन खरीद रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुराने स्टील, पीतल और कांसे के बर्तनों के बदले एक्सचेंज ऑफर भी दिया जा रहा है। भारतीय परंपरा और मेड इन इंडिया बर्तनों के प्रति लोगों का रुझान बढ़ रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)