हरदोई में दिनदहाड़े बंद मकान के ताले तोड़कर नकदी-जेवरात पार:गृह प्रवेश में व्यस्त था परिवार, पुराने मकान से 13.55 लाख की चोरी

Nov 06, 2026 - 23:58
0
हरदोई में दिनदहाड़े बंद मकान के ताले तोड़कर नकदी-जेवरात पार:गृह प्रवेश में व्यस्त था परिवार, पुराने मकान से 13.55 लाख की चोरी
हरदोई के शाहाबाद नगर में शुक्रवार दोपहर चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाया। मेडिकल स्टोर संचालक के नए मकान में गृह प्रवेश के दौरान सत्यनारायण कथा चल रही थी। इसी बीच चोर पुराने मकान के ताले तोड़कर 13.55 लाख रुपए और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। परिवार के लौटने पर घटना की जानकारी हुई। ताले तोड़कर अलमारियों और बक्सों को खंगाला घटना बरुआ बाजार मोहल्ले की है। यहां रहने वाले मेडिकल स्टोर संचालक अरुण गुप्ता का पुराना मकान नए मकान से करीब 250 मीटर दूर है। अरुण के मुताबिक, शुक्रवार को नए मकान में गृह प्रवेश के अवसर पर सत्यनारायण कथा का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए पूरा परिवार दोपहर करीब 12:30 बजे पुराने मकान को बंद करके नए घर चला गया था। अरुण का आरोप है कि दोपहर एक से तीन बजे के बीच चोर राय साहब के फाटक की ओर से मकान में दाखिल हुए। उन्होंने दरवाजों के ताले तोड़ दिए और कमरों में रखी अलमारियों व बक्सों को खंगालकर नकदी और जेवर समेट लिए। शाम करीब पांच बजे कथा संपन्न होने के बाद परिवार पुराने मकान पहुंचा तो अंदर सामान बिखरा मिला। इसके बाद चोरी की जानकारी हुई। 85 ग्राम सोने के जेवर और नकदी चोरी अरुण की ओर से कोतवाली में दी गई तहरीर के मुताबिक, चोर 13.55 लाख रुपए नकद, 85 ग्राम सोने के जेवर और 7.50 ग्राम चांदी के जेवर ले गए हैं। उन्होंने मोहल्ले के दो लोगों पर चोरी का शक जताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। मकान से कुछ दूरी पर आभूषणों के खाली बैग और अन्य सामान भी मिला। दिनदहाड़े हुई चोरी से स्थानीय व्यापारियों और लोगों में दहशत है। कोतवाल अरविंद राय ने बताया कि घटना के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User