लखनऊ में गोमती उत्सव में पारंपरिक लोककलाओं को मिलेगा मंच:दो दिन तक चलेगा आयोजन, कलाकारों के साथ कवि और संगीतकार देंगे प्रस्तुतियां
लखनऊ में गोमती उत्सव समिति की ओर से 13 से 15 नवंबर तक गोमती उत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश की पारंपरिक लोककलाओं, संगीत, नृत्य और साहित्य की प्रस्तुतियां होंगी। खास बात यह है कि उत्सव में आम लोगों का प्रवेश निशुल्क रहेगा। उत्सव गोमतीनगर के विशालखंड-4 स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में होगा। समिति के मुख्य संरक्षक राजीव मिश्रा ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, लोकपरंपराओं और साहित्यिक प्रतिभाओं को मंच देना है। तीन दिवसीय कार्यक्रम में कलाकारों के साथ कवि और संगीतकार भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को आकर्षित करेंगे। राजीव मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और डिप्टी सीएम बृजेश पाठक सहित अन्य गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया है। चरकुला-मयूर नृत्य से सजेगी पहली शाम अध्यक्ष एवं संयोजक रामकृष्ण यादव के मुताबिक, 13 नवंबर को नृत्य नाटिका और ईशा मिश्रा की प्रस्तुति के साथ उत्सव की शुरुआत होगी। इसके बाद चरकुला नृत्य, मयूर नृत्य और फूलों की होली दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। बॉलीवुड सिंगर रवि त्रिपाठी गीतों की प्रस्तुति देंगे। 14 नवंबर को लोकनृत्य, मुंबई के वीआईपी कॉमेडियन और भोजपुरी गायन की प्रस्तुतियां होंगी। शाम 4 बजे युवा कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें युवा कवि अपनी रचनाओं के जरिए श्रोताओं से संवाद करेंगे। फरवाही नृत्य और अखिल भारतीय कवि सम्मेलन 15 नवंबर को फरवाही नृत्य, पूर्वांचल लोकनृत्य और अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित होगा। लोकसंस्कृति के रंगों के साथ साहित्यिक प्रस्तुतियां उत्सव को खास बनाएंगी। आयोजन में डॉ. नीरज सिंह, उपाध्यक्ष भाजपा उत्तर प्रदेश की प्रमुख भूमिका रहेगी। सर्वेश अवस्थाना परिकल्पना से जुड़े हैं। प्रेस वार्ता में समिति के रूपेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य सदस्य शामिल हुए। समिति ने शहरवासियों से परिवार और मित्रों के साथ उत्सव में शामिल होने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)