लखनऊ में फैजुल्लागंज में हो रहे काम की समीक्षा:टैंकर से उपलब्ध कराया जाएगा पानी, साफ सफाई पर रहेगा जोर
मेयर व नगर आयुक्त ने फैजुल्लागंज में आई बाढ़ पर समीक्षा बैठक की है। इसमें नगर निगम व जलकल विभाग के जोन-3 और जोन-6 में चल रहे राहत, सफाई एवं अन्य आवश्यक कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों को राहत पहुंचाने और आवश्यक सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रभावित क्षेत्रों में कार्यों के लिए तैयार होगा रोस्टर महापौर ने जोन-3 के फैजुल्लागंज, मामा कॉलोनी, दाऊदनगर, लोरामऊ और मिल्लत नगर तथा जोन-6 के बसंत कुंज, माल रोड और हरि नगर में राहत कार्यों को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोनों जोन के अधिकारी सभी आवश्यक कार्यों का रोस्टर तैयार करें, ताकि प्रत्येक प्रभावित क्षेत्र में नियमित रूप से कार्य कराए जा सकें और किसी भी क्षेत्र की अनदेखी न हो। सफाई, एंटी लार्वा छिड़काव और सड़कों की मरम्मत पर जोर महापौर ने निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में नियमित सफाई कराई जाए, चूने का छिड़काव किया जाए तथा मच्छरों के प्रजनन पर नियंत्रण के लिए एंटी लार्वा का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त सड़कों को आवागमन योग्य बनाने और सेप्टिक टैंकों की सफाई सहित अन्य आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राहत कार्यों में नियमितता बनाए रखते हुए प्रभावित नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए। टैंकरों से होगी पेयजल आपूर्ति पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रभावित क्षेत्रों में लगातार एनाउंसमेंट कराया जाए। इसके माध्यम से नागरिकों को जागरूक किया जाए कि वे पीने के पानी के लिए समरसेबल पंप का प्रयोग न करें। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों को पानी के टैंकरों के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए, ताकि लोगों को पीने के पानी की परेशानी न हो।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)