लखनऊ में सैयद मोदी बैडमिंटन चैंपियनशिप 24 नवंबर से:22 देशों के 263 शटलर्स आ रहे हैं, मैच देखने के लिए एंट्री फ्री

Nov 22, 2026 - 14:54
0
लखनऊ में सैयद मोदी बैडमिंटन चैंपियनशिप 24 नवंबर से:22 देशों के 263 शटलर्स आ रहे हैं, मैच देखने के लिए एंट्री फ्री
सैयद मोदी इंडिया बैडमिंटन चैंपियनशिप 24 से 29 नवंबर तक गोमतीनगर स्थित बीबीडी यूपी बैडमिंटन अकादमी में खेली जाएगी। इस टूर्नामेंट में कुल 2,50,000 अमेरिकी डॉलर की इनामी राशि विजेता खिलाड़ी को मिलेगी। चैंपियनशिप में भारत, इंडोनेशिया, मलेशिया, थाईलैंड, सिंगापुर, इंग्लैंड और फ्रांस समेत 22 देशों के 263 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें सबसे बड़ा दल मेजबान भारत का है, जिसके 146 खिलाड़ी कोर्ट में उतरेंगे। खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए बीबीडी अकादमी के साथ ओमैक्स हाइट्स स्थित गौरव खन्ना एक्सीलिया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में भी व्यवस्था की गई है। चैंपियनशिप के मैच देखने आ रहे दर्शकों के लिए एंट्री पूरी तरह से फ्री रहेगी। सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों का दूरदर्शन पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। ये जानकारियां उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के चेयरमैन डॉ. नवनीत सहगल और अध्यक्ष विराज सागर दास ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीं। इस दौरान दिवंगत सचिव डॉ सुधर्मा सिंह के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि भी दी गई। पांच वर्गों में होंगे मुकाबले भारतीय बैडमिंटन एसोसिएशन (बीएआई) के तत्वावधान में यूपी बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में पुरुष एकल, महिला एकल, पुरुष युगल, महिला युगल और मिश्रित युगल के मैच होंगे। सभी पांच वर्गों के मुख्य ड्रॉ में 32-32 खिलाड़ी या जोड़ियां होंगी, जिनमें 28 सीधे प्रवेश पाएंगे और 4 स्थान क्वालिफाइंग मैचों से भरे जाएंगे। क्वालिफाइंग मुकाबले और मुख्य ड्रॉ के कुछ मैच 24 नवंबर को होंगे, जबकि फाइनल 29 नवंबर को खेला जाएगा। भारतीय व यूपी के खिलाड़ियों पर नजरें पुरुष एकल में भारत के अनुभवी खिलाड़ी एचएस प्रणय को तीसरी वरीयता मिली है, जबकि सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह शीर्ष और मलेशिया के ली जी जिया दूसरी वरीयता पर हैं। महिला एकल में जापान की रिको गुंजी शीर्ष वरीयता पर हैं, वहीं भारत की तन्वी शर्मा को दूसरी और उन्नति हुड्डा को तीसरी वरीयता मिली है। महिला युगल में पिछली विजेता भारतीय जोड़ी त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद पी शीर्ष वरीयता के साथ खिताब बचाने उतरेंगी, जबकि यूपी की श्रुति मिश्रा (प्रिया के साथ जोड़ी बनाकर) और मानसी सिंह भी चुनौती पेश करेंगी। इन भारतीय खिलाड़ियों रहेंगी नजरें- पुरुष एकल : अनुभवी खिलाड़ी एचएस प्रणय को तीसरी और थारुण मन्नपल्ली को आठवीं वरीयता मिली है। इनके अलावा किरण जॉर्ज, तुषार सुवीर, सनीथ दयानंद और एस. शंकर मुथु स्वामी भी चुनौती पेश करेंगे। महिला एकल : युवा खिलाड़ी तन्वी शर्मा को दूसरी, उन्नति हुड्डा को तीसरी, अस्मिता चालिहा को पांचवीं, देविका सिहाग को सातवीं और ईशा रानी बरुआ को आठवीं वरीयता मिली है। यूपी की मानसी सिंह भी कोर्ट में उतरेंगी। महिला युगल : पिछली विजेता जोड़ी त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद पी शीर्ष वरीयता के साथ खिताब बचाने उतरेंगी। अश्विनी भट के. और शिखा गौतम को आठवीं वरीयता मिली है। यूपी की श्रुति मिश्रा भी प्रिया के साथ जोड़ी बनाकर खेलेंगी। पुरुष युगल : भारत के हरिहरन आमसा करुणन और एमआर अर्जुन को तीसरी वरीयता दी गई है। मिश्रित युगल : ध्रुव कपिला और तनीषा क्रैस्टो को शीर्ष (पहली), रोहन कपूर और रुत्विका शिवानी गड्डे को चौथी तथा ध्रुव रावत और मनीषा के को सातवीं वरीयता मिली है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User