लोडर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत:उन्नाव में दो बाइकों को मारी टक्कर, ग्राम प्रधान समेत तीन घायल
उन्नाव के पुरवा कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार लोडर ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में 26 वर्षीय अजय कुशवाहा की मौत हो गई। सेमरीमऊ के ग्राम प्रधान सुरेंद्र लोधी और उनके भाई सज्जन लोधी समेत तीन लोग घायल हुए हैं। नगर पंचायत पुरवा के दुर्गापुर मोहल्ले के रहने वाले बच्चूलाल कुशवाहा के बेटे अजय शुक्रवार रात स्प्लेंडर प्रो बाइक से घर लौट रहे थे। दूसरी बाइक पर पुरवा ब्लॉक के सेमरीमऊ गांव के प्रधान सुरेंद्र लोधी अपने भाई सज्जन के साथ मौरावां क्षेत्र के चंदनखेड़ा में अपनी बहन के घर से लौट रहे थे। पुरवा-मोहनलालगंज मुख्य मार्ग पर दुर्गापुर के पास उन्नाव की ओर से आ रहे लोडर ने पहले अजय की बाइक को टक्कर मारी। इसके बाद लोडर ने प्रधान की अपाचे बाइक को भी टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं और अजय की मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी सचिन गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पुरवा में भर्ती कराया। अजय के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने सड़क पर पड़े वाहनों को हटवाकर यातायात शुरू कराया। शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने हादसे की जानकारी दी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)