11हजार वोल्ट की चपेट में आने से युवक की मौत:औरैया में परिजनों ने रोका अंतिम संस्कार

Nov 28, 2026 - 13:15
0
11हजार वोल्ट की चपेट में आने से युवक की मौत:औरैया में परिजनों ने रोका अंतिम संस्कार
औरैया के अछल्दा थाना क्षेत्र के इटैली गांव में शुक्रवार सुबह 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आने से योगेश की मौत हो गई। शनिवार सुबह परिजनों ने अंतिम संस्कार रोक दिया। बिजली विभाग के अधिकारियों से मुआवजे का भरोसा मिलने के बाद अंतिम संस्कार किया गया। गांव के रहने वाले योगेश पुत्र जगरूप सिंह की उम्र करीब 28 साल थी। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह निर्माणाधीन मकान में चाली लगाने के लिए लोहे का पाइप लगा रहे थे। पाइप ऊपर से निकली 11 हजार वोल्ट की लाइन के तारों से छू गया। करंट लगने से योगेश गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें निजी गाड़ी से भरथना के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां से उन्हें सैफई रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार देर शाम शव गांव पहुंचा। शनिवार सुबह परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि हाईटेंशन लाइन नीचे होने के कारण यह हादसा हुआ। परिजन अछल्दा थाने पहुंचे और बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी जीतमल चौधरी योगेश के घर पहुंचे और परिजनों से बात की। इसके बाद कुदरकोट के एसडीओ सत्येंद्र कुमार और जेई जितेंद्र कुमार, अछल्दा के एसडीओ संजीव निरंजन और जेई धीरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। बिजली विभाग के अधिकारियों ने उचित मुआवजा दिलाने, खंभा दूसरी जगह लगाने और तारों की ऊंचाई बढ़ाने का भरोसा दिया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। योगेश की पत्नी अलका हैं। उनके एक बेटा और एक बेटी हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User